पटरी पर बढ़ता भरोसा, जोधपुर से रेल सफर में जुड़े 15.61 लाख अधिक यात्री

WhatsApp Channel Join Now
पटरी पर बढ़ता भरोसा, जोधपुर से रेल सफर में जुड़े 15.61 लाख अधिक यात्री


जोधपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। रेल की रफ्तार के साथ यात्रियों का भरोसा भी बढ़ रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में चालू वित्तीय वर्ष के शुरुआती छह महीनों में यात्री आय और यात्रियों की संख्या में हुई बढ़ोतरी इसकी सकारात्मक तस्वीर पेश करती है। सितंबर 2026 तक मंडल की यात्री आय 524.47 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 447.55 करोड़ रुपये के मुकाबले 17 फीसदी अधिक है। इस दौरान करीब 15.61 लाख अधिक यात्रियों ने रेल से सफर किया।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार,सितंबर तक मंडल में 201.67 लाख यात्रियों ने यात्रा की,जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह संख्या 186.06 लाख थी। इस तरह यात्रियों की संख्या में करीब आठ फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। यह बढ़ोतरी रेल यात्रा की बढ़ती मांग और आमजन के आवागमन में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाती है। जोधपुर मंडल की यात्री आय में पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 76.92 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। पीआरएस श्रेणी में आय 344.11 करोड़ रुपये से बढक़र 402.89 करोड़ रुपये हो गई। वहीं अनारक्षित टिकट श्रेणी में आय 103.44 करोड़ रुपये से बढक़र 121.58 करोड़ रुपये पहुंच गई। दोनों श्रेणियों में हुई वृद्धि से मंडल की कुल यात्री आय को मजबूती मिली है।

यात्रियों की संख्या में भी उछाल

यात्रियों की संख्या के लिहाज से भी मंडल ने सकारात्मक प्रदर्शन किया है। पीआरएस श्रेणी में यात्रियों की संख्या 48.12 लाख से बढक़र 54.64 लाख हो गई, जबकि दूसरी श्रेणी में यह आंकड़ा 137.94 लाख से बढक़र 147.03 लाख पहुंच गया। इस प्रकार दोनों श्रेणियों में यात्रियों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई। मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार रेल यात्रा की बढ़ती मांग रेलवे के लिए उत्साहजनक संकेत है। इसके साथ ही यात्रियों की अपेक्षाएं भी बढ़ती हैं। सुरक्षित सफर,स्वच्छ स्टेशन,बेहतर यात्री सुविधाएं और समय पर परिचालन ऐसी व्यवस्थाएं हैं,जो यात्रियों के भरोसे को मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या के अनुरूप इन सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाना भी जरूरी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763588 Articles

Share this story