निजी बस ऑपरेटर्स : जोधपुर में निजी बसों की हड़ताल बेअसर
जोधपुर, 24 फरवरी (हि.स.)। ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट बस ऑनर एसोसिएशन की चक्का जाम हड़ताल आज जोधपुर में बेअसर रही। शहर में हड़ताल के ऐलान के बीच निजी बसें बेरोकटोक चलती रहीं और हड़ताल का असर नजर नहीं आया। जबकि एसोसिएशन की ओर से दावा किया जा रहा था कि बसों की हड़ताल रहेगी। किसी भी रूट पर बसें नहीं चलेंगी।
इस दौरान शहर के अधिकांश चौराहों पर निजी बसें यात्रियों को चढ़ाती-उतारती दिखीं, वहीं कई बसें माल ढुलाई करती भी नजर आईं। अलग-अलग गली-मोहल्लों से भी सवारियां बिठाकर बसें अपने गंतव्य तक जाती रहीं। वहीं सिटी बस, टैक्सी और अन्य छोटे-बड़े रूट की बस सेवाएं भी सामान्य रूप से संचालित होती रहीं। केवल एसोसिएशन से जुड़े कुछ बस मालिकों की बसें बंद रहीं। ऐसे में कुल मिलाकर, हड़ताल का आम जनजीवन और यातायात व्यवस्था पर कोई खास असर नहीं पड़ा।
बता दें कि शहर ओर प्रदेश में नियम विरुद्ध अवैध तरीके से संचालित होने वाली बसों के खिलाफ आरटीओ की ओर से कार्रवाई की जा रही है। ऐसी बसों की वजह से कई बार दुर्घटनाएं भी सामने आती है, लेकिन बस संचालक बसों में सुधार करने के बजाय आरटीओ के खिलाफ ही हड़ताल पर उतर आए हैं।
बस मालिकों का कहना है कि विभाग के पास नियम उल्लंघन पर चालान काटने का अधिकार है, लेकिन बसों को मौके पर सीज करना और आरसी निलंबित करना पूरी तरह से अनुचित है।
संचालकों ने आरोप लगाया कि परिवहन विभाग नियम एस-052, 153 और 119 (वर्ष 2019 व 2025 में लागू) का गलत इस्तेमाल कर रहा है। इन नियमों की आड़ में उन वाहनों पर भी कार्रवाई की जा रही है जो बीस साल पुराने हैं और जिनके पास वैध दस्तावेज मौजूद हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

