राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी एसआईआर की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी एसआईआर की जानकारी


जिला निर्वाचन अधिकारी ने ली बैठक

जोधपुर, 21 फरवरी (हि.स.)। जोधपुर जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) गौरव अग्रवाल ने शनिवार को अपने कक्ष में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक में अग्रवाल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य में 27 अक्टूबर 2025 को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण, 2026 कार्यक्रम घोषित किया गया था, जिसके अन्तर्गत चार नवंबर 2025 से 11 दिसंबर 2025 तक गणना चरण के उपरान्त 16 दिसंबर को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया था, जिसमें जोधपुर जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 2043521 थी।

आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 16 दिसंबर 2025 से 19 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त किये गये। इस अवधि में जिले जोधपुर में 52245 फॉर्म-6/64, 4984 फॉर्म-7 तथा 20464 फॉर्म 8 प्राप्त हुए। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा दावे एवं आपत्तियों हेतु प्राप्त आवेदन पत्रों की सूची फॉर्म 9, 10, 11, 11ए और 11 बी में तैयार की गई और ऐसी सूचियों की एक प्रति उनके कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रत्येक कार्य दिवस को प्रदर्शित की गई। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा प्रति सप्ताह प्राप्त होने वाले दावे एवं आपतियों की सूचियां मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों से साझा की गईं। यह सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारी/ मुख्य निर्वाचन अधिकारी की बेवसाइट पर भी ऑनलाइन उपलब्ध होने बाबत जानकारी प्रदान की गई।

उन्होंने बताया कि पूर्व में प्राप्त समस्त फॉर्म तथा दावे-आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 16 दिसंबर 2025 से 19 जनवरी 2026 में प्राप्त समस्त दावे-आपत्तियों का निस्तारण निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी / सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा किया जाकर आज मतदाता सूची का अन्तिम प्रकाशन किया गया। इस प्रकार जिले में प्रारूप मतदाता सूची में कुल 2043521 मतदाताओं में 2.66 प्रतिशत वृद्धि के उपरान्त कुल मतदाताओं की संख्या 2097971 है, जिनमें पुरुष 1092841, महिला 105097 तथा ट्रांसजेण्डर 33 है। मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची 2026 की एक सॉफ्ट कॉपी (फोटोरहित) एवं एक हार्ड कॉपी नि:शुल्क संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के स्तर पर बैठक आयोजित कर उपलब्ध कराई गई।

बैठक में बैठक में भाजपा से प्रतिपाल सिंह वालेचा, सम्पत सिंह भाटी, त्रिभुवन सिंह भाटी, जय किशन पंचारिया, डॉ माधुसिंह देवड़ा, गजेन्द्र पारीक, गौरव जैन, रिपेश अग्रवाल, कांग्रेस से ओमकार वर्मा, त्रिलोक मेहरा, कमलेश, नेमाराम बैरा, बसपा से राहुल जयपाल, दलपत बौद, आरएलपी से जगदीश पूनियां सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story