पुलिस ने चलाया विशेष अभियान, 33 ब्यूटी पार्लर और सैलून की जांच

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस ने चलाया विशेष अभियान, 33 ब्यूटी पार्लर और सैलून की जांच


जोधपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, निजता एवं गरिमा सुनिश्चित करने के लिए जोधपुर कमिश्ररेट की जिला पश्चिम पुलिस ने शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया। इसके तहत कालिका गश्ती इकाई और स्थानीय थानों की 11 पुलिस टीमों के 64 सदस्यों ने 33 ब्यूटी पार्लर और सैलून की जांच की। पुलिस ने संचालकों को कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने के बाद ही नियुक्त करने के निर्देश दिए।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमल शेखावत के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, महिला अपराध एवं अनुसंधान के अधिकारियों तथा समस्त सहायक पुलिस आयुक्तों की उपस्थिति में कालिका इकाइयों की बैठक आयोजित की गई। इसमें पुलिस मुख्यालय की ओर से नवरात्र के दौरान गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे शक्ति सुरक्षा अभियान की प्रभावी क्रियान्विति के निर्देश दिए गए।

बैठक में गरबा और डांडिया स्थलों पर असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा महिलाओं के साथ छेड़छाड़ या दुव्र्यवहार करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यक्रम स्थलों पर लोगों को राजकॉप नागरिक अनुप्रयोग डाउनलोड करवाने और उसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी देने पर जोर दिया गया।

बता दे कि हाल ही में चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र के एक ब्यूटी पार्लर में महिला का वीडियो बनाने की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विभिन्न ब्यूटी पार्लर और सैलून की जांच के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में विशेष अभियान चलाकर प्रतिष्ठानों के संचालकों को वहां आने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं की निजता, सुरक्षा और गरिमा का पूरा ध्यान रखने की हिदायत दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762088 Articles

Share this story