जोधपुर और बीकानेर-हावड़ा ट्रेनों का बांदीकुई स्टेशन पर ठहराव मंजूर

WhatsApp Channel Join Now
जोधपुर और बीकानेर-हावड़ा ट्रेनों का बांदीकुई स्टेशन पर ठहराव मंजूर


जल्द होगी ठहराव तिथि की घोषणा, जोधपुर से बांदीकुई के लिए मिलेगी अतिरिक्त ट्रेन

जोधपुर, 20 मार्च (हि.स.)। रेल मंत्रालय ने यात्रियों की बढ़ती सुविधा और मांग को देखते हुए भारतीय रेल की दो महत्वपूर्ण ट्रेनों के बांदीकुई जंक्शन पर आवागमन (अप-डाउन) दोनों दिशा में ठहराव को मंजूरी प्रदान की है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि इसके तहत ट्रेन संख्या 12308 जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस सप्ताह में 4 दिन जो सोम, मंगल, गुरु व शुक्रवार को जोधपुर से प्रस्थान करेगी तथा 22308 बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस सप्ताह में 3 दिन जो बुध, शनि व रविवार को बीकानेर से प्रस्थान करेगी, बांदीकुई जंक्शन पर रुकेगी।

उल्लेखनीय है कि पहले हावड़ा-जोधपुर एवं हावड़ा-बीकानेर की दोनों जोड़ी ट्रेनों का यहां केवल एकतरफा ठहराव था, जिसे अब बढ़ाकर दोनों दिशाओं में कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि रेलवे बोर्ड द्वारा दो मार्च को जारी आदेश के अनुसार यह निर्णय क्षेत्रीय यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग और बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

उन्होंने कहा कि दोनों ट्रेनों के इस ठहराव से जोधपुर और बीकानेर से बांदीकुई आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी। हालांकि इन ट्रेनों के ठहराव की प्रभावी तिथि अभी घोषित नहीं की गई है जिसे जल्द ही अलग से सूचित किया जाएगा। इस निर्णय से बांदीकुई एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर विकल्प मिलेंगे और रेल नेटवर्क और अधिक मजबूत होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story