प्रशासनिक फेरबदल : कन्हैयालाल स्वामी जोधपुर के नए संभागीय आयुक्त व आलोक रंजन कलेक्टर

WhatsApp Channel Join Now
प्रशासनिक फेरबदल : कन्हैयालाल स्वामी जोधपुर के नए संभागीय आयुक्त व आलोक रंजन कलेक्टर


जोधपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान सरकार के कार्मिक विभाग ने 65 आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की है। जिसमें जोधपुर में भी कई अधिकारी हटाए गए है। नई सूची के अनुसार जोधपुर जिले की कमान अब युवा अफसरों के हाथ में दी गई है।

राज्य सरकार ने जोधपुर के संभागीय आयुक्त और जिला कलेक्टर बदल दिए है। अब नए संभागीय आयुक्त 2010 बैच के आईएएस कन्हैयालाल स्वामी होंगे। फिलहाल वर्तमान जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल के पास ही संभागीय आयुक्त का अतिरिक्त चार्ज है। वहीं जोधपुर के नए जिला कलेक्टर 2013 बैच के आईएएस आलोक रंजन होंगे। आलोक वर्तमान में चित्तौडग़ढ़ कलेक्टर है। वहीं वर्तमान कलेक्टर गौरव अग्रवाल अब उदयपुर कलेक्टर होंगे। बीई इलेक्ट्रिकल इंजीनियर की पढ़ाई कर चुके 40 साल के आलोक रंजन का गृह जिला बांसवाड़ा है। पूर्व में भी जोधपुर में साल 7 दिसंबर 2015 से 4 नवंबर 2016 तक एसडीएम रह चुके हैं। इसके अलावा डूंगरपुर, झालावाड़, भरतपुर जिले के कलेक्टर भी रह चुके हैं। वहीं नई दिल्ली में शिपिंग मिनिस्ट्री में असिस्टेंट सेक्रेटरी भी रह चुके हैं।

इसी तरह नगर निगम की बात की जाए तो नए कमिश्नर राहुल जैन होंगे। 2019 बैच के आईएएस जैन वर्तमान में उदयपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त पद पर कार्यरत है। 34 साल के राहुल जैन मध्यप्रदेश राज्य के रहने वाले हैं। राहुल जयपुर के चौंमू, अजमेर के ब्यावर ओर सिरोही के माउंट आबू में एसडीएम रह चुके हैं। वहीं राजसमंद जिला परिषद में सीईओ भी रह चुके हैं।

वर्तमान में जोधपुर नगर निगम कमिश्नर सिद्धार्थ पालानीचामी को बीकानेर नगर निगम का कमिश्नर लगाया गया है। वहीं डूंगरपुर जिला कलेक्टर 2014 बैच के अंकित कुमार सिंह अब फलोदी के नए कलेक्टर होंगे। 39 वर्षीय अंकित कुमार सिंह उत्तरप्रदेश के हैं। पूर्व में करौली, बांसवाड़ा के कलेक्टर भी रह चुके हैं। इसके अलावा चित्तौडग़ढ़ में जिला परिषद के सीईओ, अजमेर में एसडीएम भी रह चुके है जबकि फलोदी कलेक्टर श्वेता चौहान को आयुक्त उद्यानिकी जयपुर लगाया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story