कल से शुरू होगी जोधपुर-मैसूर साप्ताहिक ट्रेन
जोधपुर, 15 अपै्रल (हि.स.)। गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने जोधपुर-मैसूर-जोधपुर साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन सीमित अवधि के लिए संचालित होगी और दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सुविधाजनक विकल्प साबित होगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 06274 जोधपुर-मैसूर साप्ताहिक समर स्पेशल 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक कुल 3 ट्रिप के लिए चलाई जाएगी। यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को जोधपुर से रात्रि 10.45 बजे प्रस्थान कर शनिवार शाम 6 बजे मैसूर पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन में कुल 22 डिब्बे लगाए जाएंगे, जिनमें 1 फस्र्ट एसी, 4 एसी थ्री टियर, 9 स्लीपर, 6 जनरल तथा 2 गार्ड एसएलआर कोच शामिल होंगे। इससे विभिन्न श्रेणियों के यात्रियों को यात्रा करने में सुविधा मिलेगी।
सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार यह ट्रेन मार्ग में लूनी जंक्शन, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, रानी, फालना, जवाई बांध, पिंडवाड़ा, आबू रोड, पालनपुर जंक्शन, महेसाणा जंक्शन, साबरमती, वडोदरा, सूरत, वापी, वसई रोड, कल्याण, लोनावला, पुणे, सतारा, कराड, सांगली, मिरज, घाटप्रभा, बेलगावी, धारवाड़, एसएसएस हुबली, हावेरी, दावणगेरे, कदूर, अरसीकेरे, तुमकुरु, यशवंतपुर, केएसआर बेंगलुरु सिटी, केन्गेरी तथा मांड्या स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

