जोधपुर नगर निगम के अध्यक्ष पद के निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ

WhatsApp Channel Join Now
जोधपुर नगर निगम के अध्यक्ष पद के निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ


जोधपुर, 18 सितम्बर (हि.स.)। जोधपुर नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव अगले सप्ताह होंगे। मेयर पद के नामांकन की आज से प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हालांकि भाजपा और कांग्रेस के दोनों ही पार्टियों के प्रत्याशी शनिवार को नामांकन जमा करवाएंगे। दोनों दलों की ओर से आज नामांकन फार्म लिए गए है।

दोनों दलों की ओर से अभी तक अधिकारिक तौर पर प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की गई है। मेयर पद के लिए नामांकन नगर निगम के थर्ड फ्लोर पर 307 नंबर रूम में लिए जा रहे है। नगर निगम जोधपुर के अध्यक्ष पद को भरने के लिए साधारण निर्वाचन कराया जाएगा। अध्यक्ष का पद अनारक्षित प्रवर्ग का है।

रिटर्निंग अधिकारी, नगर निगम जोधपुर राम किशोर मीणा ने बताया कि अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन पत्र रिटर्निंग अधिकारी अथवा सहायक रिटर्निंग अधिकारी को नगर निगम कार्यालय जोधपुर के सभा भवन, तृतीय तल, कक्ष संख्या 307 में प्रस्तुत किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि नाम निर्देशन पत्र शनिवार को सुबह 10.30 से दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थी अथवा उसके प्रस्तावक द्वारा प्रस्तुत किए जा सकेंगे।

नाम निर्देशन पत्र के प्रारूप भी निर्धारित स्थान एवं समय पर प्राप्त किए जा सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 21 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक की जाएगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की सूचना किसी अभ्यर्थी द्वारा व्यक्तिगत रूप से 22 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित स्थान पर दी जा सकेगी। निर्वाचन लड़े जाने की स्थिति में मतदान 25 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नगर निगम कार्यालय जोधपुर के सभा भवन, तृतीय तल, कक्ष संख्या 307 में आयोजित निर्वाचित सदस्यों की बैठक में कराया जाएगा।

दोनों दलों की यह है स्थिति

निगम में बोर्ड बनाने के लिए 100 पार्षदों में से 51 पार्षदों का बहुमत चाहिए। ऐसे में भाजपा को 7 निर्दलीयों का समर्थन मिल चुका है। जबकि कांग्रेस के खेमे में अभी 4 निर्दलीय पार्षद हैं। भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों में वार्ड 5 से विशाल सांखला, वार्ड 19 से दिनेश शर्मा, वार्ड 20 से चेतन गहलोत, वार्ड 47 से मोहन राम चौधरी, 48 से दुर्गा मेवाड़ा, 78 से निर्मला नायक और वार्ड 81 से स्वरूप सिंह हैं।

गुरुवार को प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी भूपेंद्र सैनी और जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल के नेतृत्व में सातों को भाजपा जॉइन करवाई गई थी। ऐसे में माना जा रहा है कि भाजपा अपना बोर्ड बनाने के बिल्कुल करीब है। बता दे कि इन निकाय चुनावों में भाजपा के 45 और कांग्रेस के 44 पार्षदों ने जीत हासिल की थी। बाकी 10 निर्दलीय और एक आरएलपी से पार्षद है। ऐसे में 11 में से 7 भाजपा के खेमे में चले गए।

वहीं कांग्रेस के पाले में अभी 48 पार्षद हैं। बहुमत के लिए दो और पार्षदों की जरूरत कांग्रेस को पड़ेगी। हालांकि कांग्रेस की ओर से दावा किया जा रहा है कि उनका भी बहुमत पूरा हो जाएगा। इधर, मेयर चुनाव को लेकर क्रॉस वोटिंग की भी पूरी संभावना बनी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story