राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार जोधपुर आए पूनिया का स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार जोधपुर आए पूनिया का स्वागत


जोधपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के भाजपा प्रभारी सतीश पूनिया के राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार जोधपुर आगमन पर भारतीय जनता पार्टी जोधपुर ग्रामीण की ओर से स्वागत किया गया। सर्किट हाउस में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में भाजपा जोधपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष त्रिभुवनसिंह भाटी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ, साफा एवं माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर सर्किट हाउस में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारों के साथ सतीश पूनिया का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। जिलाध्यक्ष त्रिभुवनसिंह भाटी ने कहा कि सतीश पूनिया का राज्यसभा पहुंचना राजस्थान सहित पूरे संगठन के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने विश्वास जताया कि पूनिया अपने अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और जनसेवा के समर्पण के साथ राज्यसभा में प्रदेश एवं देश के महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे। अपने स्वागत से अभिभूत सतीश पूनिया ने भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और जनता की सेवा भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कार्यकर्ताओं के सहयोग से पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और जनहित के कार्यों को गति मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story