अभिभावकों को दिखाई जाएगी एआइ आधारित दक्षता आंकलन रिपोर्ट

WhatsApp Channel Join Now
अभिभावकों को दिखाई जाएगी एआइ आधारित दक्षता आंकलन रिपोर्ट


सरकारी स्कूलोंं में प्रवेशोत्सव का शंखनाद, 25 को पीटीएम में मिलेगा अगली कक्षा में प्रवेश

जोधपुर, 23 मार्च (हि.स.)। राज्य की सरकारी शिक्षा व्यवस्था में अब परिवर्तन होने जा रहा हैं। पहली बार अप्रैल में नए सत्र के आगाज के साथ-साथ बहुत कुछ नवाचार किए जा रहे हैं। शिक्षा व्यवस्था अब शॉक-डस्टर से आगे निकलकर एआइ और भावात्मक जुड़ाव की नई इबारत लिख रही हैं। आगामी 25 मार्च को प्रदेश के सरकारी विद्यालयों के प्रांगण में सिर्फ शिक्षक और विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि अभिभावक भी सम्मानित अतिथि के रूप में नजर आएंगे। शिक्षा विभाग ने इस को एक सामान्य बैठक नहीं, बल्कि एक उत्सव (मेगा पीटीएम) का रूप देने की तैयारी कर रहा हैं।

पीटीएम के साथ ही पीएएम (पेरेंट्स आंगनबाड़ी मीटिंग) भी आयोजित होगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट के आदेशानुसार इस दिन विद्यालयों में न केवल विद्यार्थियों की प्रगति पर चर्चा होगी, बल्कि प्रवेशोत्सव का शंखनाद करते हुए आगामी कक्षा में अस्थाई प्रवेश भी दिए जाएंगे। शिक्षकों ने अभिभावकों से सम्पर्क शुरू कर दिया हैं।

राउमावि डोली के वरिष्ठ अध्यापक अर्जुन पटेल ने बताया कि मेगा पीटीएम के दिन ही आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया का आगाज होगा। आंगनबाड़ी से स्कूल में समन्वित आंगनबाड़ी केन्द्रों के 5-6 वर्ष के बच्चों का कक्षा 1 में अस्थाई प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा।

प्राथमिक स्कूलों के उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उच्च प्राथमिक, उच्च प्राथमिक में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को निकटस्थ उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रवेश के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया जाएगा। अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा कि नया शैक्षणिक सत्र एक अप्रैल से शुरू हो रहा हैं ताकि पहले दिन से ही शत प्रतिशत उपस्थिति रहे। स्कूलों में होलिस्टिक रिपोर्ट कार्ड, दक्षता आधारित आंकलन रिपोर्ट कार्ड साझा किए जाएंगे।

विद्यार्थियों से पुरानी किताबें वापस जमा करके आगामी कक्षा की पुस्तकें वितरण की जाएगी।जिन विद्यालयों में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, वहां संयुक्त रूप से पेरेंट्स आंगनबाड़ी मीटिंग होगी। इसमें 3 से 6 वर्ष के बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास पर चर्चा की जाएगी। जो केन्द्र स्कूल परिसर से बाहर है, वहां मेंटर टीचर्स और कार्यकर्ता अभिभावकों के साथ अलग से बैठक करेंगे। इस बार की पीटीएम में पारंपरिक चर्चा के साथ-साथ एआइ आधारित दक्षता आंकलन का रिपोर्ट कार्ड भी साझा किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story