मंडोर रेलवे स्टेशन पर ड्यूल वीडीयू सिस्टम प्रारंभ

WhatsApp Channel Join Now
मंडोर रेलवे स्टेशन पर ड्यूल वीडीयू सिस्टम प्रारंभ


जोधपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के मंडोर स्टेशन पर महत्वपूर्ण ड्यूल वीडीयू सिस्टम का कमीशनिंग कार्य गुरुवार को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। इसके साथ ही नई व्यवस्था को नियमित ट्रेन संचालन में शामिल कर लिया गया है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि नई व्यवस्था से मंडोर स्टेशन पर ट्रेन संचालन की निरंतरता, सुरक्षा और विश्वसनीयता को और मजबूती मिलेगी। किसी एक उपकरण में तकनीकी खराबी आने पर भी वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए संचालन जारी रखा जा सकेगा। सिस्टम में बिजली और संचार की वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई है। मुख्य व्यवस्था में तकनीकी समस्या आने पर वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से सिस्टम को चालू रखा जा सकेगा। इससे ट्रेन संचालन में व्यवधान की संभावना कम होगी। मंडोर स्टेशन पर यह तकनीकी व्यवस्था निर्धारित रेलवे मानकों के अनुरूप स्थापित की गई है। इसे चालू करने से पहले सभी आवश्यक जांच और परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे किए गए। यह कार्य मंडल के सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन विभाग की जोधपुर ओपन लाइन टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पूरा किया। नई व्यवस्था से मंडोर स्टेशन पर सुरक्षित, निर्बाध और अधिक विश्वसनीय ट्रेन संचालन को मजबूती मिलेगी।

क्या होता है वीडीयू सिस्टम

वरिष्ठ मंडल इंजीनियर(संकेत व दूरसंचार) अनुपम कुमार के अनुसार वीडीयू यानी विजुअल डिस्प्ले यूनिट एक स्क्रीन आधारित प्रणाली है, जिस पर स्टेशन पर ट्रेनों के संचालन और सिग्नल से संबंधित जरूरी जानकारी दिखाई देती है। ड्यूल वीडीयू सिस्टम में दो स्क्रीन होती हैं। ऐसे में एक स्क्रीन में तकनीकी खराबी आने पर दूसरी स्क्रीन से काम जारी रखा जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story