जेडीए का 1789 करोड़ का बजट पारित : जोधपुर में चार और योजनाएं होगी लॉन्च

WhatsApp Channel Join Now
जेडीए का 1789 करोड़ का बजट पारित : जोधपुर में चार और योजनाएं होगी लॉन्च


जोधपुर, 23 फरवरी (हि.स.)। जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) का बजट सोमवार को अध्यक्ष व सम्भागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक में पारित किया गया। इस साल 1789 करोड़ का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया।

जेडीए आयुक्त उत्साह चौधरी ने बताया कि जोधपुर शहर के चहुंमुखी विकास एवं प्राधिकरण की आय के स्त्रोत बढ़ाने के क्रम में प्राधिकरण द्वारा शहरवासियों के लिए बजट वर्ष 2026-27 में चार नवीन योजनाएं प्रस्तावित की गई है। जोधपुर विकास प्राधिकरण द्वारा ग्राम चौखा में सरदार पटेल आवासीय विस्तार योजना, बासनी लाच्छा में प्रस्तावित नवीन आवासीय योजना, मोगड़ा कलां में ट्रांसपोर्ट नगर एवं ऑटोमोबाईल विस्तार योजना के साथ-साथ ग्राम चौखा में नवीन आवासीय योजना प्रस्तावित की गई।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट 178900 लाख रुपये की प्राप्तियां के मुख्य स्त्रोत भूमि की ब्रिकी से आय, वर्गीकृत आवासीय योजनाओं से प्राप्तियां, भूमि रूपान्तरण से आय, नगरीय कर एवं शहरी जमाबन्दी से प्राप्तियां, निक्षेपों एवं धरोहर से प्राप्तियां तथा अन्य आय यथा ऋणां से प्राप्तियां, शुल्क, शास्तियां, ब्याज, किराया, डिपोजिट कार्य से प्राप्तियां, वेतन से कटौती एवं अग्रिम वसूली आदि से आय का अनुमान है।

इसी प्रकार वित्तिय वर्ष 2026-27 के दौरान 178900 लाख रुपए के कुल व्यय एवं भुगतानों का अनुमान के अन्तर्गत सामान्य प्रशासन, विकास कार्यों पर व्यय, राज्य सरकार का अंशदान तथा अन्य व्ययों का प्रावधान रखा गया है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में विकास कार्यों पर व्यय के लिए प्रस्तावित 152191 लाख रुपए के बजट प्रावधान अनुसार प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित महत्वपूर्ण कार्यों के अन्तर्गत जोधपुर शहर में भाटी चौराहा, जलजोग चौराहा एवं अन्य स्थानों पर अन्डरपास निर्माण कार्य के लिए 5000 लाख रुपए, मेहरानगढ़ फोर्ट के लिए राव जोधा मार्ग (घोडा घाटी रोड) के विकास, सौन्दर्यकरण तथा लाईटिंग के कार्य के लिए 1000 लाख रुपए, लूणी पंचायत समिति से राजाराम शिक्षण संस्थान तक फुटओवर ब्रिज का निर्माण कार्य के लिए 500 लाख रुपये, पंचकुंडा क्षेत्र के सौंदर्यकरण तथा संबंधित अन्य विकास कार्य के लिए 500 लाख रुपये, श्री गणेश मंदिर रातानाडा में विकास एवं सौन्दर्यकरण के कार्य के लिए 600 लाख रुपये, सालावास से कांकाणी तक सडक़ निर्माण कार्य के लिए 500 लाख रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।

जोधपुर विकास प्राधिकरण द्वारा विकास कार्यों पर व्यय के लिए प्रस्तावित 152191 लाख रुपये के बजट प्रावधान अनुसार श्रेणीवार मुख्यत: प्राधिकरण योजना क्षेत्र, प्राधिकरण की योजनाओं से इतर प्राधिकरण क्षेत्र, शहरी क्षेत्र में विकास कार्य एवं मुख्यमंत्री बजट घोषणा एवं डिपोजिट कार्य पर व्यय किया जाएगा तथा कार्यवार शहरी क्षेत्र में सडक़ निर्माण, नाला-नाली निर्माण, विद्युतीकरण, जलापूर्ति, सीवरेज, यातायात सुधार, वृक्षारोपण एवं अन्य विकास कार्यों केे लिए जोनवार बजट प्रावधान किया गया है।

इसके अतिरिक्त पार्क, सामुदायिक भवन, चारदीवारी, बस क्यू शेल्टर, अन्य यूटिलिटी सेवाओं के विकास के लिए भी आवश्यक बजटीय प्रावधान किए गए है। बैठक में सचिव चंचल वर्मा, एडीएम सिटी-प्रथम अंजूम ताहिर सम्मा, जेडीए निदेशक, उपायुक्त सहित डिस्कॉम, राज. आवासन मण्डल, पीएचईडी, पीडब्ल्यूडी के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story