छात्राओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
छात्राओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति किया जागरूक


छात्राओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

बालिका स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का किया आयोजन

जोधपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय द्वारा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय जालोरी गेट में बालिका स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविन्द सहाय शुक्ल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कुलगुरु प्रोफेसर शुक्ल ने किशोरियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े विषयों पर जागरूकता कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आयुर्वेद विश्वविद्यालय ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। शिविर का उद्देश्य किशोरियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं हार्मोनल परिवर्तनों, मासिक धर्म चक्र, मासिक धर्म संबंधी विकारों, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।

प्रसूति तंत्र एवं स्त्री रोग विभाग की डॉ. भूमिका ने सर्वप्रथम छात्राओं को मासिक धर्म चक्र की सामान्य शारीरिक प्रक्रिया के बारे में सरल एवं वैज्ञानिक जानकारी दी। उन्होंने मासिक धर्म चक्र के विभिन्न चरणों तथा किशोरावस्था में होने वाले सामान्य शारीरिक एवं हार्मोनल परिवर्तनों को विस्तार से समझाया। साथ ही उन्होंने मासिक धर्म से संबंधित विभिन्न विकारों, उनके सामान्य लक्षणों एवं चिकित्सकीय परामर्श की आवश्यकता के बारे में छात्राओं को जागरूक किया।

स्वस्थवृत्त विभाग की डॉ. अनीता ने मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, आवश्यक सावधानियां, सैनिटरी पैड के सही उपयोग एवं सुरक्षित निस्तारण तथा संक्रमण से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं प्रसूति तंत्र एवं स्त्री रोग विभाग की डॉ. राखी ने मासिक धर्म संबंधी विकारों में उचित उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सरल एवं वैज्ञानिक भाषा में समाधान किया गया। छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर बिना किसी संकोच के संवाद करने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या चन्द्रा नायक ने विश्वविद्यालय की इस पहल की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story