स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में सुधरी जोधपुर की रैंकिंग
जोधपुर, 05 नवम्बर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के तहत जोधपुर शहर में वायु प्रदूषण नियंत्रण एवं वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय निगरानी एवं क्रियान्वयन समितिकी बैठक आयोजित हुई। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने विभागवार कार्यों की समीक्षा करते हुए स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा उपलब्ध बजट का समयबद्ध एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वायु प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों में नियमित मॉनिटरिंग एवं विभागीय समन्वय के साथ ठोस प्रगति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में शहर में वायु गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणामों की जानकारी दी गई। बताया गया कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देश के 48 शहरों में जोधपुर की रैंकिंग वर्ष 2024-25 के 35वें स्थान से सुधरकर वर्ष 2025-26 में 24वें स्थान पर पहुंच गई है। इसी प्रकार राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत वर्ष 2025-26 तक पीएम10 के स्तर में आधार वर्ष 2019-20 की तुलना में 40 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित था। इसके मुकाबले अब तक लगभग 31 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। पीएम10 का स्तर 167 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से घटकर 115 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रह गया है। बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत वर्ष 2019-20 से अब तक 178.86 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है, जिसमें से 127.58 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं। इसके अंतर्गत सडक़ सुधार एवं धूल नियंत्रण, हरित क्षेत्रों का विकास, मियावाकी पद्धति से पौधारोपण, यातायात जंक्शनों में सुधार, फुटपाथ निर्माण एवं जन-जागरूकता जैसी गतिविधियां संचालित की गई हैं। रंजन ने शेष कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने तथा बजट उपयोग में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सदस्य सचिव एवं उप वन संरक्षक, जोधपुर को कार्यक्रम के तहत संचालित कार्यों का नियमित निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन करने तथा प्रगति की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

