ग्राम रथ अभियान से गांव-गांव पहुंच रही कृषि नवाचारों की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
ग्राम रथ अभियान से गांव-गांव पहुंच रही कृषि नवाचारों की जानकारी


जोधपुर, 07 मई (हि.स.)। राजस्थान सरकार द्वारा ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में ग्राम रथ अभियान 2026 के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित किया जा रहा है।

विधानसभा क्षेत्र ओसियां की ग्राम पंचायत कालीजाल में आयोजित ग्राम रथ अभियान के दौरान कृषक शिव गांव निवासी सोनाराम पुत्र खेताराम जाट ने बताया कि उन्होंने कृषि विभाग की वर्मी कम्पोस्ट इकाई योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन किया था, जिस पर उन्हें राज्य सरकार की ओर से 50 हजार रुपये की अनुदान राशि डीबीटी माध्यम से प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि वर्मी कम्पोस्ट इकाई के उपयोग से वे प्राकृतिक खेती कर रहे हैं तथा रसायनों का न्यूनतम प्रयोग करते हुए अच्छी उपज प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने इस योजना के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। इसी क्रम में ग्राम पंचायत थोब, पंचायत समिति ओसियां में भी ग्राम रथ अभियान आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों को कृषि, पशुपालन, पंचायती राज, राजस्व एवं उद्यान विभाग सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में कृषक पीर सिंह राजपुरोहित ने बताया कि उन्हें कृषि विभाग की तारबंदी योजना में अनुदान प्राप्त हुआ, जिससे फसल उत्पादन में वृद्धि होने के साथ मुनाफे में भी इजाफा हुआ है। उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से उन्हें पशुपालन, राजस्व एवं उद्यान विभाग की योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई। उन्होंने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बताया कि आठ मई को लूणी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पंचायत समिति धवा की ग्राम पंचायत डोली एवं झंवर तथा पंचायत समिति केरू की ग्राम पंचायत कराणी, रोहिल्ला कल्ला एवं चौखा से ग्राम रथ रवाना किए जाएंगे। इसी क्रम में बिलाड़ा विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति बिलाड़ा की ग्राम पंचायत संबाडिय़ा, खेजड़ला, रणसी गांव, हरियाढाणा एवं पटेल नगर से ग्राम रथ संचालित होंगे। भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति भोपालगढ़ की ग्राम पंचायत बुदिकया, खेड़ी सालवा, देवातड़ा, झालामलिया एवं अरटिया कल्ला से ग्राम रथ पहुंचेंगे। जिला कलक्टर ने जानकारी दी कि आठ मई को ओसियां विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति ओसियां की ग्राम पंचायत गिगाला, किंजरी, बरसालु कलां, पंडित जी की ढाणी एवं बैठवासिया से ग्राम रथ संचालित होंगे। वहीं शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति बालेसर की ग्राम पंचायत बावरली, भाटेलाई पुरोहितान, दुगर एवं आगोलाई से भी ग्राम रथ रवाना किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को कृषि क्षेत्र के नवीन नवाचारों एवं राज्य सरकार की योजनाओं से जोडऩे का कार्य किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story