ग्राम रथ अभियान बना बदलाव का वाहक, योजनाओं से सशक्त हो रहे किसान

WhatsApp Channel Join Now
ग्राम रथ अभियान बना बदलाव का वाहक, योजनाओं से सशक्त हो रहे किसान


जोधपुर, 04 मई (हि.स.)। राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्राम रथ अभियान न केवल योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचा रहा है, बल्कि किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव की प्रेरक कहानियां भी गढ़ रहा है। इसी क्रम में तिंवरी पंचायत समिति की ग्राम पंचायत जुड़ के किसान भजनलाल बिश्नोई एक उदाहरण बनकर उभरे हैं, जिन्होंने योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।

भजनलाल बिश्नोई बताते हैं, कि हमने जैविक गोवर्धन योजना का लाभ लेते हुए अपने घर पर ही 10 फीट लंबी, 6 फीट चौड़ी और 2.5 फीट ऊंची खेली (टैंक) का निर्माण किया है। इसमें जैविक खाद तैयार कर हम रसायन मुक्त खेती की ओर अग्रसर हैं। बिश्नोई ने इस पहल के लिए कृषि विभाग, राजस्थान सरकार एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ टिकाऊ कृषि की दिशा में मार्ग प्रशस्त कर रही हैं।

जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बताया कि पांच मई को लूणी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पंचायत समिति धवा की ग्राम पंचायत मेलबा, लूणावासखारा, चिचडली, हिंगोला एवं जानादेसर से ग्राम रथ रवाना किए जाएंगे। इसी क्रम में बिलाड़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पंचायत समिति बिलाड़ा की ग्राम पंचायत सिंधीनगर, ओलवी, रावर, बाला एवं लाम्बा से ग्राम रथ संचालित होंगे।

भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति भोपालगढ़ की ग्राम पंचायत रामपुरा, बासनी हरिसिंह, गजसिंहपुरा, मंगेरिया एवं ढढोरा से तथा ओसियां विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति तिंवरी की ग्राम पंचायत बीजवाडिया, राजासनी, चौपासनी चारणान, रामपुरा भाटियान एवं नगर पालिका मथानिया से ग्राम रथ गांव-गांव पहुंचेंगे। इसके अतिरिक्त शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति चामू की ग्राम पंचायत प्रहलादपुरा, राजसागर, डेरियां, भालु रतनगढ़ एवं चामू से भी ग्राम रथ संचालित किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story