सुविधाओं की नई इबारत लिखता गोटन रेलवे स्टेशन, उद्घाटन को तैयार

WhatsApp Channel Join Now
सुविधाओं की नई इबारत लिखता गोटन रेलवे स्टेशन, उद्घाटन को तैयार


सुविधाओं की नई इबारत लिखता गोटन रेलवे स्टेशन, उद्घाटन को तैयार


जोधपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। समय के साथ बदलती रेल व्यवस्था की नई तस्वीर अब गोटन रेलवे स्टेशन पर साकार होती दिखाई दे रही है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लगभग 18.93 करोड़ रुपये की लागत से हुआ व्यापक कायाकल्प स्टेशन को नई पहचान दे चुका है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार आधुनिक सुविधाओं, आकर्षक वास्तुशिल्प और यात्री-केंद्रित व्यवस्थाओं से सुसज्जित यह स्टेशन का उद्घाटन जल्द होगा। पुनर्विकास के बाद गोटन रेलवे स्टेशन केवल यात्रियों के आवागमन का केंद्र नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, आधुनिकता और बदलते भारत की सोच का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा है। स्टेशन परिसर में प्रवेश करते ही उसका बदला हुआ स्वरूप यात्रियों का सहज स्वागत करता है। भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक भवन, सुसज्जित प्रतीक्षालय, आधुनिक बुकिंग कार्यालय, वीआईपी कक्ष, स्वच्छ एवं सुविधाजनक शौचालय, दिव्यांगजन के लिए सुगम व्यवस्थाएं, डिजिटल सूचना प्रणाली और उन्नत प्रकाश व्यवस्था पूरे परिसर को नई गरिमा प्रदान करती हैं। भवन का सौंदर्यीकरण और सुव्यवस्थित वातावरण स्टेशन को पहले से कहीं अधिक आकर्षक और उपयोगी बना रहा है।

उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिलाओं एवं पुरुषों के लिए पृथक प्रतीक्षालय, पेयजल बूथ, नए प्लेटफॉर्म शेल्टर, 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज, आधुनिक साइनेज, कोच डिस्प्ले बोर्ड तथा आरामदायक यात्री फर्नीचर की व्यवस्था की गई है। वहीं ऑटो, दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग, सुव्यवस्थित सर्कुलेटिंग एरिया तथा सुगम प्रवेश एवं निकास मार्ग स्टेशन की उपयोगिता को और अधिक बढ़ाते हैं। पुनर्विकास के अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि पार्किंग क्षेत्र सहित कुछ अंतिम कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। कुछ ही दिनों में गोटन रेलवे स्टेशन अपनी पूरी भव्यता के साथ यात्रियों की सेवा में समर्पित होने के लिए तैयार होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story