568वें जोधपुर स्थापना दिवस पर होंगे कई कार्यक्रम
जोधपुर, 09 मई (हि.स.)। जोधपुर का 568वां स्थापना दिवस 12 मई को पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन, जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में विविध सांस्कृतिक एवं पर्यटन गतिविधियों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा।
पर्यटन विभाग के उपनिदेशक भानु प्रताप ने बताया कि जोधपुर स्थापना दिवस की पूर्व संध्या 11 मई को शहर की प्रमुख ऐतिहासिक इमारतों, सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख चौराहों पर आकर्षक सजावटी रोशनी की व्यवस्था की जाएगी, जिससे पूरे शहर में उत्सवमय वातावरण निर्मित होगा।
स्थापना दिवस के अवसर पर 12 मई को सुबह 7 से 8 बजे तक घंटाघर परिसर में पर्यटकों एवं आमजन के आकर्षण के लिए कैमल फ्रंटियर बीएसएफ, जोधपुर के कैमल माउंटेड बैण्ड द्वारा विशेष बैण्ड वादन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद पर्यटन विभाग द्वारा सुबह 10.15 बजे से मेहरानगढ़ दुर्ग में आगन्तुक देशी एवं विदेशी पर्यटकों का माल्यार्पण कर पारंपरिक स्वागत किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकारों द्वारा राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करती रंगारंग लोक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। संध्याकालीन कार्यक्रमों के अंतर्गत पर्यटन विभाग द्वारा तूरजी के झालरे पर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर लोक नृत्य एवं लोक गायन की मनोहारी प्रस्तुतियां आयोजित होंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

