होली पर घर जाना होगा आसान, स्पेशल ट्रेन का संचालन कल

WhatsApp Channel Join Now
होली पर घर जाना होगा आसान, स्पेशल ट्रेन का संचालन कल


भावनगर-बीकानेर स्पेशल चलेगी, पाली-जोधपुर-मेड़ता सहित कई स्टेशनों पर ठहराव

जोधपुर, 21 फरवरी (हि.स.)। होली पर्व पर यात्रियों के घर आवागमन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन के क्रम में भावनगर टर्मिनस-बीकानेर-भावनगर टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन रविवार से प्रारंभ की जा रही है। ट्रेन का संचालन वाया गांधीनगर कैपिटल, महेसाणा, आबू रोड, पाली मारवाड़, लूनी, जोधपुर, गोटन तथा मेड़ता रोड के रास्ते किया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के अनुसार ट्रेन संख्या 09271 भावनगर टर्मिनस-बीकानेर साप्ताहिक स्पेशल 22 फरवरी से 29 मार्च तक (6 ट्रिप) संचालित होगी। यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को सुबह 4.25 बजे भावनगर टर्मिनस से रवाना होकर जोधपुर स्टेशन पर शाम 6.45 बजे पहुंचेगी तथा 6.55 बजे प्रस्थान कर सोमवार रात 1.15 बजे बीकानेर पहुंचेगी।

इसी प्रकार ट्रेन संख्या 09272 बीकानेर-भावनगर टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल 23 फरवरी से 30 मार्च तक (6 ट्रिप) संचालित होगी। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार को सुबह 9 बजे बीकानेर से रवाना होकर जोधपुर स्टेशन पर दोपहर 1.10 बजे पहुंचेगी तथा 1.20 बजे प्रस्थान कर मंगलवार सुबह 4.35 बजे भावनगर टर्मिनस पहुंचेगी।

जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार यह ट्रेन मार्ग में सिहोर धोला, बोटाड, सुरेन्द्रनगर गेट, अम्बली रोड, गांधीनगर कैपिटल, महेसाणा, पालनपुर, आबू रोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, पाली मारवाड़, लूनी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड नागौर तथा नोखा स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस ट्रेन में 2 द्वितीय एसी, 6 थर्ड एसी, 8 स्लीपर, 4 सामान्य श्रेणी एवं 2 पावरकार सहित कुल 22 कोच लगाए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story