राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में जोधपुर का परचम

WhatsApp Channel Join Now
राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में जोधपुर का परचम


जोधपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिद्धमुख (चूरू) में आयोजित 70वीं राज्यस्तरीय योगासन प्रतियोगिता में शाला क्रीड़ा संगम जोधपुर के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की। प्रतियोगिता में जोधपुर के खिलाडिय़ों ने विभिन्न आयु वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता का सबसे उल्लेखनीय प्रदर्शन 17 वर्ष छात्रा वर्ग में देखने को मिला, जहां जोधपुर की खिलाडिय़ों ने चारों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया।

दलाधिपति एवं प्रशिक्षक गजराज सिंह शेखावत ने बताया कि 17 वर्ष छात्रा वर्ग की ट्रेडिशनल योगासन स्पर्धा में मेघा विश्नोई ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि आर्टिस्टिक सिंगल में लेखिका चौधरी ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। वहीं लेखिका चौधरी एवं मेघा विश्नोई की जोड़ी ने आर्टिस्टिक पेयर और रिदमिक पेयर, दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

इस प्रकार जोधपुर की छात्राओं ने 17 वर्ष आयु वर्ग की सभी चारों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल कर एक विशिष्ट उपलब्धि दर्ज की। वहीं 19 वर्ष छात्रा वर्ग में परिणिति विश्नोई ने आर्टिस्टिक सिंगल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर जोधपुर का मान बढ़ाया। आर्टिस्टिक पेयर में परिणिति विश्नोई एवं डॉली की जोड़ी ने रजत पदक प्राप्त किया। ट्रेडिशनल योगासन में डॉली ने रजत पदक जीता, जबकि रिदमिक पेयर में रेखा एवं चंद्रा की जोड़ी ने रजत पदक हासिल किया। खिलाडिय़ों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर जोधपुर की टीम ने 19 वर्ष छात्रा वर्ग की चैंपियनशिप भी अपने नाम की।

छात्र वर्ग में भी शानदार प्रदर्शन

17 वर्ष छात्र वर्ग में जहांगीर ने आर्टिस्टिक सिंगल स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। वहीं जहांगीर एवं अर्जुन की जोड़ी ने आर्टिस्टिक पेयर स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर जोधपुर की पदक तालिका में इजाफा किया। वहीं 19 वर्ष छात्र वर्ग में रविंद्र एवं ऋषभ की जोड़ी ने आर्टिस्टिक पेयर और रिदमिक पेयर, दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story