मुख्यमंत्री के बयान पर गहलोत का पलटवार, बोले- बातों से धक्का नहीं, पीड़ा हुई

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री के बयान पर गहलोत का पलटवार, बोले- बातों से धक्का नहीं, पीड़ा हुई


जोधपुर, 07 नवम्बर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जोधपुर पहुंचे। दिल्ली से जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचे गहलोत का कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी देखने को मिली। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बयान के बाद गहलोत के जोधपुर आगमन पर कांग्रेस नेताओं की जुटी भीड़ को उनके समर्थन में शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा गया। अपने नेता के प्रति एकजुटता जताने के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेसी एयरपोर्ट पहुंचे और गहलोत का स्वागत किया।

एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की बातों से उन्हें धक्का नहीं लगा, बल्कि पीड़ा हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से उनका लगाव और प्रेम रहा है, इसलिए उनकी टिप्पणी से व्यक्तिगत पीड़ा हुई। गहलोत ने मुख्यमंत्री को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें आम जनता से माफी मांग लेनी चाहिए, तभी जनता उन्हें माफ कर सकती है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के गांव-गांव में इस बयान को लेकर प्रतिक्रिया हुई है और जनता इसे भूली नहीं है।

गहलोत ने परिवार को राजनीति से दूर रखने की अपनी पुरानी सलाह का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अपने लंबे राजनीतिक अनुभव के आधार पर उन्होंने पहले भी कहा था कि परिवार को साथ लेकर चलने के बजाय राजनीति से दूर रखना चाहिए, क्योंकि परिवार का नाम आने पर आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति बनती है।

होटल फेयरमोंट को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर भी गहलोत ने खुलकर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन में पहले भी कई तरह के आरोप लगते रहे हैं और वह इन आरोपों के आदी हैं। गहलोत ने अपने राजनीतिक सफर का हवाला देते हुए कहा कि आरोपों के बावजूद उन्हें पार्टी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलीं और वे तीन बार मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे।

वहीं, भाजपा की रैली को लेकर भी गहलोत ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 80 साल में पहली बार इस तरह की काउंटर रैली देखने को मिल रही है। उन्होंने भाजपा की रैली को लेकर तंज कसते हुए कहा कि यह लोकतंत्र बचाओ नहीं, जनता मिटाओ की रैली है। गहलोत ने आरोप लगाया कि भाजपा की रैली में अपेक्षित भीड़ नहीं जुट पाई और पार्टी नेतृत्व का गुस्सा उनके ऊपर निकाला गया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व पर नाराजगी जताने के बजाय उनके ऊपर आरोप लगाए गए।

गौरतलब है कि दीपावली का त्योहार मनाने के लिए अशोक गहलोत अपने गृह नगर जोधपुर पहुंचे हैं। वह हर साल दीपावली पर जोधपुर में रहते हैं और आमजन, समर्थकों तथा परिचितों के बीच त्योहार मनाते रहे हैं। उनके जोधपुर प्रवास के दौरान विभिन्न लोगों और कांग्रेस नेताओं से मुलाकात का कार्यक्रम भी संभावित है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773798 Articles

Share this story