जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस 7 अक्टूबर को रद्द

WhatsApp Channel Join Now
जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस 7 अक्टूबर को रद्द


दिल्ली सराय रोहिल्ला के पास तकनीकी काम से 6 ट्रेनों का संचालन होगा प्रभावित

जोधपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तर रेलवे के दिल्ली सराय रोहिल्ला एवं आसपास के स्टेशनों पर तकनीकी कार्य के चलते जोधपुर-दिल्ली कैंट-जोधपुर वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस 7 अक्टूबर को दोनों दिशाओं में रद्द रहेगी। इसके अलावा दिल्ली की ओर जाने वाली अन्य रेलसेवाओं का संचालन भी प्रभावित रहेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल में दिल्ली सराय रोहिल्ला-पटेलनगर-पालम स्टेशनों के बीच ऑटोमेटिक सिगनलिंग कार्य के लिए ब्लॉक लिया जा रहा है। इसके कारण अक्टूबर में विभिन्न रेलसेवाओं का संचालन एक-दो दिन प्रभावित रहेगा। उन्होंने बताया कि तकनीकी कार्य के कारण ट्रेन संख्या 26481/26482 जोधपुर-दिल्ली कैंट-जोधपुर वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस 7 अक्टूबर को दोनों दिशाओं में रद्द रहेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 14087 दिल्ली-जैसलमेर रूणिचा एक्सप्रेस 5 अक्टूबर तथा ट्रेन संख्या 14088 जैसलमेर-दिल्ली रूणिचा एक्सप्रेस 6 अक्टूबर को रद्द रहेगी। वहीं ट्रेन संख्या 14662 जम्मूतवी-बाड़मेर एक्सप्रेस 6 अक्टूबर को जम्मूतवी से रवाना होकर परिवर्तित मार्ग दिल्ली-रोहतक-भिवानी-रेवाड़ी होकर संचालित होगी। परिवर्तित मार्ग में इस रेलसेवा का ठहराव भिवानी स्टेशन पर दिया जाएगा। इसी तरह ट्रेन संख्या 12323 हावड़ा-बाड़मेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, जो 6 अक्टूबर को हावड़ा से रवाना होगी, को दिल्ली स्टेशन पर 15 मिनट रेगुलेट किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story