जिला कलेक्टर के निर्देश पर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ करने के प्रयास तेज

WhatsApp Channel Join Now
जिला कलेक्टर के निर्देश पर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ करने के प्रयास तेज


जोधपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। बासनी सिलावटान क्षेत्र में बालाजी मंदिर के पास पेयजल आपूर्ति से संबंधित प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देशानुसार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, जिला खण्ड द्वितीय, जोधपुर के अधिशाषी अभियन्ता महेन्द्र किराड ने बताया कि संबंधित क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन लगभग 30 वर्ष पुरानी एवं गहराई में स्थापित है। इसके ऊपर सीवर लाइन के निर्माण के दौरान तकनीकी मानकों का समुचित पालन नहीं होने से रिसाव की स्थिति बनी, जिससे पेयजल में अशुद्ध जल के मिश्रण की संभावना उत्पन्न हुई। उन्होंने बताया कि पूर्व में शिकायत प्राप्त होने पर विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 800 मीटर नई एचडीपीई पाइपलाइन स्थापित कर पुरानी लाइन को पृथक किया गया था। साथ ही ग्राम पंचायत को सीवर लाइन के आवश्यक सुधार के लिए निर्देशित किया गया था।

समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित पाइपलाइन को पूर्णत: प्रतिस्थापित करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए कंटीजेन्सी के अंतर्गत मार्च 2026 में 12.66 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर संवेदक को कार्यादेश जारी किया जा चुका है तथा आगामी सात दिवस में कार्य पूर्ण किया जाना प्रस्तावित है। तत्काल व्यवस्था के तहत तीन अप्रैल से संबंधित पाइपलाइन से जल आपूर्ति रोक दी गई है तथा विभागीय मानकों के अनुसार 10 एलपीसीडी की दर से पेयजल परिवहन के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

विभाग के अनुसार पाइपलाइन प्रतिस्थापन कार्य पूर्ण होने के पश्चात 15 अप्रैल से क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति पुन: प्रारंभ कर दी जाएगी। इस कार्य की सतत निगरानी अधिशाषी अभियन्ता श्री महेन्द्र किराड एवं सहायक अभियन्ता श्री नरेन्द्र पाल सिंह द्वारा की जा रही है। विभाग ने आमजन को आश्वस्त किया है कि पेयजल की गुणवत्ता एवं आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक उपाय प्राथमिकता से किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story