जोधपुर केमिकल फैक्ट्री अग्निकांड में झुलसे छह फायर फाइटर्स जयपुर रेफर

WhatsApp Channel Join Now
जोधपुर केमिकल फैक्ट्री अग्निकांड में झुलसे छह फायर फाइटर्स जयपुर रेफर


जोधपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। बासनी औद्योगिक क्षेत्र की श्रमिक कॉलोनी स्थित केमिकल फैक्ट्री में बुधवार शाम लगी भीषण आग के दौरान झुलसे छह फायर फाइटर्स को गुरुवार दोपहर ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया। आग के दौरान केमिकल से भरे ड्रमों में हुए धमाकों की चपेट में आने से फायर ब्रिगेड के 14 कर्मचारी झुलसे थे। इनमें से गंभीर रूप से झुलसे छह फायर फाइटर्स को महात्मा गांधी अस्पताल से एंबुलेंस के जरिए जयपुर भेजा गया। प्रत्येक एंबुलेंस में एक डॉक्टर और एक नर्सिंगकर्मी को साथ भेजा गया।

ग्रीन कॉरिडोर के दौरान पुलिस ने एंबुलेंस के सुगम आवागमन के लिए जगह-जगह यातायात रोका। महात्मा गांधी अस्पताल के सुपरिटेंडेंट डॉ. फतेहसिंह भाटी ने बताया कि अस्पताल में अभी 13 लोगों का उपचार चल रहा है। मोहम्मद हनीफ, प्रकाश, जोगाराम, आशिक खान, प्रेम तम्बोली और अविनाश को जयपुर भेजा गया है। अस्पताल में भर्ती अन्य सात घायलों में तीन वेंटिलेटर और चार ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। छह फायर फाइटर्स को जयपुर भेजे जाने के दौरान उनमें से एक की मां अस्पताल में बेसुध हो गई।

इधर बासनी पुलिस ने फैक्ट्री मालिक के पुत्र स्पर्श पुत्र राजेंद्र को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी नितिन दवे ने बताया कि घटना के संबंध में मानव जीवन संकट में डालने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार फैक्ट्री श्रमिक कॉलोनी के आवासीय क्षेत्र में संचालित की जा रही थी।

ब्लास्ट से आसपास के मकानों में दरारें

केमिकल ड्रमों में हुए धमाकों के बाद आसपास के करीब 20 मकानों को खाली करवाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार फैक्ट्री से सटे मकानों की दीवारों में दरारें आ गई हैं और धमाके से फैक्ट्री की आरसीसी छत का एक हिस्सा भी गिर गया। घटना के दूसरे दिन भी फैक्ट्री से धुआं निकलता रहा और अंदर रखे केमिकल ड्रम एवं सामान से धुआं उठता दिखाई दिया। फैक्ट्री की एक दीवार भी ढह गई। स्थानीय लोगों के अनुसार थिनर, लीकर और सीलर केमिकल की गंध आसपास की पूरी कॉलोनी में फैल गई। इसके कारण लोग घरों में वापस आने के बाद भी वहां रुक नहीं सके और कई परिवारों को दोबारा रिश्तेदारों के यहां जाना पड़ा। एक क्षेत्रवासी ने बताया कि आग लगने के बाद आसपास के घरों को खाली करवाकर लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। उन्होंने कहा कि केमिकल की तेज गंध के कारण मौके पर खड़ा रहना भी मुश्किल हो रहा है।

अस्पताल पहुंचे जनप्रतिनिधि

घायलों का हाल जानने के लिए महात्मा गांधी अस्पताल में विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि पहुंचे। फायर फाइटर्स को जयपुर रेफर किए जाने के दौरान शहर विधायक अतुल भंसाली, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल, महापौर पद के प्रत्याशी प्रसन्नचंद मेहता सहित भाजपा नेता मौजूद रहे। कांग्रेस से महापौर पद के प्रत्याशी राजेंद्र सिंह सोलंकी और पूर्व विधायक मनीषा पंवार सहित कांग्रेस नेताओं ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की। जनप्रतिनिधियों ने चिकित्सकों से घायलों के उपचार और स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story