बारिश को तरसा जोधपुर, सामान्य से 38 फीसदी हुई कम

WhatsApp Channel Join Now
बारिश को तरसा जोधपुर, सामान्य से 38 फीसदी हुई कम


जोधपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। जिले में मानसून की रफ्तार फिलहाल थम गई है। 19 जुलाई तक सामान्य से करीब 38 प्रतिशत कम बारिश दर्ज होने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 21 जुलाई के बाद मौसम में बदलाव की संभावना है और बारिश की गतिविधियां फिर से तेज हो सकती हैं।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 19 जुलाई तक जोधपुर में सामान्यत: 94.6 एमएम वर्षा दर्ज होती है, जबकि इस वर्ष अब तक केवल 56.5 एमएम बारिश हुई है। इस प्रकार जिले में सामान्य से 38.1 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर तेज धूप, गर्मी और उमस के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मानसून की एंट्री के चार दिन बाद ही बारिश की गतिविधियां थम गईं। हालांकि मौसम विभाग ने आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया था, लेकिन शहर में इसका खास असर देखने को नहीं मिला।

मौसम विभाग के अनुसार 20 जुलाई को आसमान में आंशिक बादल छाए रहने के साथ मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं 21 जुलाई से मौसम में बदलाव के संकेत हैं। इस दौरान धूलभरी आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इसके बाद 22 से 24 जुलाई के बीच अच्छी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। बारिश की गतिविधियां बढऩे के साथ अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के भी आसार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story