आसनसोल के लिए मंगलवार से चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन

WhatsApp Channel Join Now
आसनसोल के लिए मंगलवार से चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन


जोधपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने जोधपुर-आसनसोल के बीच साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष रेलसेवा 14 से 28 अप्रैल तक संचालित होगी तथा दोनों दिशाओं में 3-3 फेरे लगाएगी।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि इस ट्रेन के संचालन से उत्तर प्रदेश, बिहार एवं पश्चिम बंगाल की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधी एवं सुविधाजनक कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही कंफर्म सीट मिलने में भी आसानी होगी।

गाड़ी संख्या 04819 जोधपुर-आसनसोल साप्ताहिक स्पेशल प्रत्येक मंगलवार को शाम 5 बजे जोधपुर से रवाना होकर गुरुवार प्रात: 4.55 बजे आसनसोल पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 04820 आसनसोल-जोधपुर साप्ताहिक स्पेशल 16 से 30 अप्रैल तक प्रत्येक गुरुवार को सुबह 7.55 बजे आसनसोल से प्रस्थान कर शुक्रवार को शाम 6.45 बजे जोधपुर पहुंचेगी।

सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस विशेष ट्रेन का मार्ग में गोटन, मेडता रोड, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, नांवा सिटी, फुलेरा, जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, आगरा (इदगाह), टुंडला, इटावा, गोविंदपुरी, सुबेदारगंज, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, फतुहा जंक्शन, बख्तियारपुर, बाढ़, मोकामा, किऊल, जमुई, झाझा, जसीडीह, मधुपुर एवं चितरंजन स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। इससे छोटे शहरों एवं कस्बों के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story