आर्मी भर्ती रैली सात सितम्बर से, नौ जिलों से आएंगे अभ्यर्थी

WhatsApp Channel Join Now
आर्मी भर्ती रैली सात सितम्बर से, नौ जिलों से आएंगे अभ्यर्थी


तैयारियों को लेकर प्रशासन एवं सेना अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित

जोधपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। जोधपुर में आगामी 7 सितम्बर से 24 सितम्बर तक आयोजित होने वाली आर्मी भर्ती रैली की तैयारियों के संबंध में गुरुवार को अटल सेवा केन्द्र सभागार में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर प्रथम) दौलत राम चौधरी एवं आर्मी भर्ती निदेशक कर्नल राजीव सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस विभाग सहित जोधपुर विकास प्राधिकरण, शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, नगर निगम, परिवहन, सार्वजनिक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में आर्मी भर्ती निदेशक कर्नल राजीव सिंह ने आगामी भर्ती रैली के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी विभागों की भूमिका एवं जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भर्ती रैली में जोधपुर संभाग सहित कुल नौ जिलों जोधपुर, फलोदी, जैसलमेर, बाड़मेर, बालोतरा, जालोर, सिरोही, नागौर एवं डीडवाना-कुचामन के अभ्यर्थी भाग लेंगे। ऐसे में सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करना आवश्यक होगा। कर्नल राजीव सिंह ने कहा कि भर्ती रैली के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा भीड़ नियंत्रण की प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने पुलिस एवं संबंधित विभागों से समन्वित रूप से कार्य करते हुए अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही तथा व्यवस्थित प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अभ्यर्थियों के लिए चिकित्सा सुविधाओं, प्राथमिक उपचार, पेयजल, स्वच्छता एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि भर्ती अवधि के दौरान सभी आवश्यक नागरिक सुविधाएं समय पर उपलब्ध रहें तथा किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो। बैठक में बताया गया कि भर्ती रैली से संबंधित तैयारियां अगस्त माह से प्रारंभ की जाएंगी तथा सभी व्यवस्थाओं को 2 सितम्बर तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभिन्न विभागों को उनके दायित्व एवं कार्य आवंटित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि भर्ती रैली का आयोजन सुचारू, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर-प्रथम) दौलत राम चौधरी ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आवंटित दायित्वों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भर्ती रैली जैसी महत्वपूर्ण गतिविधि के सफल संचालन के लिए प्रत्येक विभाग की सक्रिय भागीदारी एवं पूर्व तैयारी आवश्यक है। सभी विभाग समय-समय पर प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय में पूर्ण करें, जिससे अभ्यर्थियों को सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story