जोधपुर एम्स अस्पताल : एम्स में रेजिडेंट डॉक्टर्स डायरेक्टर के इस्तीफे की मांग पर अड़े

WhatsApp Channel Join Now
जोधपुर एम्स अस्पताल : एम्स में रेजिडेंट डॉक्टर्स डायरेक्टर के इस्तीफे की मांग पर अड़े


हड़ताल जारी, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी की समझाइश

जोधपुर, 26 सितम्बर (हि.स.)। जोधपुर एम्स के रेजिडेंट डॉक्टर राजनरेश यादव की मौत के बाद साथी रेजिडेंट की हड़ताल लगातार जारी है। शनिवार को भी रेजिडेंट डॉक्टर्स ने कार्य बहिष्कार किया। रेजिडेंट डॉक्टर्स की मांग है कि मामले में एम्स डायरेक्टर डॉ. गोवर्धन पुरी इस्तीफा दें और एडमिनिस्ट्रेशन सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। साथ ही परिवार को मुआवजा दिया जाए। शनिवार को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत भी एम्स पहुंचे और दिवंगत रेजिडेंट डॉक्टर राजनरेश यादव के निधन पर शोक जताया। उन्होंने हड़ताल पर बैठे रेजिडेंट डॉक्टरों से भी बात की।

बता दे कि रेजिडेंट डॉक्टर्स एम्स डायरेक्टर डॉ. गोवर्धन पुरी इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए है। एम्स प्रशासन की तरफ से इस्तीफे की मांग को स्वीकार नहीं किया गया है। इसके बाद रेजिडेंट डॉक्टर्स ने हड़ताल को जारी रखने का ऐलान कर दिया है। डॉक्टर्स की मांग है कि डॉक्टर की मौत पर मैनेजमेंट माफी मांगे। जो भी जिम्मेदार है, वो माफी मांगे। मृतक के परिवार को आर्थिक मदद मिलनी चाहिए। एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर का इस्तीफा होना चाहिए। उनकी वजह से ये हालात हुई है कि डॉक्टर की मौत हुई है। इसके साथ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) बनना चाहिए। आरडीए की मांग मान ली गई है। बाकी दो मांग पर बात चल रही है। जब तक पूरी नहीं होंगी, हम बैठे रहेंगे।

गौरतलब है कि जोधपुर एम्स में ड्यूटी करने पहुंचे रेजिडेंट डॉक्टर बड़ा जोड़ के पास अलवर निवासी राजनरेश यादव (29) पुत्र नरेश कुमार की मंगलवार को रेस्ट रूम के बाथरूम में अचेत मिलने के बाद मौत हो गई थी। राजनरेश एनस्थीसिया विभाग में ड्यूटी के लिए आया था। शुरुआती जानकारी में इंजेक्शन के ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही साफ होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story