(अपडेट) रामदेवरा जा रहे 3 जातरुओं को बोलेरो कैंपर ने कुचला

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) रामदेवरा जा रहे 3 जातरुओं को बोलेरो कैंपर ने कुचला


जोधपुर, 11 सितम्बर (हि.स.)। शेरगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार रात भूंगरा मेगा हाईवे पर बोलेरो कैंपर ने तीन श्रद्धालुओं को कुचल दिया, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। वे पैदल रामदेवरा जा रहे थे। हादसे के बाद आज ग्रामीणों ने जातरूओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाने के बाहर धरना दिया और विरोध जताया।

शेरगढ़ थानाधिकारी खेताराम सियोल ने बताया कि गुरुवार रात करीब 10 बजे तेना-नाथासर गांव से पांच श्रद्धालु पैदल रवाना हुए थे। मेगा हाईवे पर पहुंचते ही एक अनियंत्रित बोलेरो कैंपर गाड़ी ने तीन श्रद्धालुओं को चपेट में ले लिया। हादसे में नाथासर तेना निवासी नरेश (25) पुत्र चंद्राराम, अंबाराम (29) पुत्र कुंभाराम और भानाराम (25) पुत्र अनोपाराम की मौत हुई है। जानकारी के अनुसार नरेश अंबाराम का भतीजा है और भानाराम पड़ोसी है। तोनों मजदूरी करते थे। पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया है, वहीं घटना की जांच शुरू कर दी है। इधर घटना की सूचना मिलने के बाद आज सुबह शेरगढ़ थाने के बाहर लोग जुटना शुरू हो गए।

उल्लेखनीय है कि गत 8 सितंबर को आगोलाई से आगे हुलसेसर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से उसमें सवार करीब 14 लोग घायल हो गए थे। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। सभी रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे थे। इस दौरान आगोलाई के पास ट्रक को ओवरटेक करते समय ट्रॉली पलट गई थी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story