जनप्रतिनिधियों के घर जाकर गुहार लगाएंगे जेएनवीयू के पेंशनर्स

WhatsApp Channel Join Now
जनप्रतिनिधियों के घर जाकर गुहार लगाएंगे जेएनवीयू के पेंशनर्स


जोधपुर, 15 मई (हि.स.)। जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय में पेंशनर्स का धरना आज 26वें दिन भी जारी रहा। इसी के साथ अब पेंशनर्स ने जनप्रतिनिधियों के घर जाकर पेंशन दिलाने की गुहार लगाने का निर्णय लिया है। पेंशनर्स 4 महीने से बकाया पेंशन के भुगतान की मांग की है।

पेंशनर्स सोसाइटी के संयोजक अशोक व्यास ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन बकाया पेंशन के भुगतान के प्रति बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। हमें विश्वविद्यालय प्रशासन को जगाने के लिए लगातार प्रयासरत रहना होगा। जब तक विश्वविद्यालय प्रशासन हमारी बकाया पेंशन का भुगतान एवं पेंशन संबंधी अन्य समस्याओं का समाधान नहीं कर देता भूख हड़ताल जारी रहेगी।

प्रदर्शनकारियों ने कहा उन्हें चार महीनों से पेंशन का भुगतान नहीं हुआ है। इससे वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। बुढ़ापे में घर खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। आज अध्यक्ष प्रोफेसर रामनिवास शर्मा, प्रोफेसर चेनाराम चौधरी, प्रोफेसर खरताराम पटेल तथा संयोजक अशोक व्यास आदि ने संबोधित करते हुए एक स्वर में कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को बकाया पेंशन राशि का तुरंत भुगतान करना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story