जेएनवीयू में एम.लिब. में आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ
जोधपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग में एम.लिब. पाठ्यक्रम के शेष रिक्त स्थानों के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
विभागाध्यक्ष प्रो. राम सिंह आढ़ा के अनुसार चूंकि जेएनवीयू में बी. लिब.-एम. लिब. का दो वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स चलता है जिसमें इसी विश्वविद्यालय के बी. लिब. के विद्यार्थियों को तो एम. लिब. में सीधा प्रवेश मिल जाएगा लेकिन जिन्होंने बी.लिब. की उपाधि किसी अन्य मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय अथवा संस्थान से प्राप्त की है, उन्हें भी अब एम. लिब. में शेष रिक्त स्थानों पर प्रवेश मिल सकता है। इच्छुक विद्यार्थी जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग में एम.लिब. के लिए सीटें सीमित हैं, इसलिए पात्र विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपना आवेदन यथाशीघ्र पूर्ण करें। पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करने, अकादमिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, शोध संस्थानों, डिजिटल लाइब्रेरी तथा सूचना प्रबंधन से जुड़े क्षेत्रों में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

