बेहतर भविष्य के लिए हिंदी का विस्तार आवश्यक: प्रो. अग्रवाल

WhatsApp Channel Join Now
बेहतर भविष्य के लिए हिंदी का विस्तार आवश्यक: प्रो. अग्रवाल


जोधपुर, 16 नवम्बर (हि.स.)। जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी ‘हिंदी का भविष्य और भविष्य की हिंदी: एक चिंतन’ का समापन सोमवार को हुआ। समापन सत्र के मुख्य अतिथि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) जोधपुर के निदेशक प्रो. अविनाश अग्रवाल थे। सत्र की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. पवन कुमार शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थान के राज्यपाल के उच्च शिक्षा सलाहकार प्रो. कैलाश सोडाणी तथा दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज के प्रो. पल्लव उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि प्रो. अविनाश अग्रवाल ने कहा कि हिंदी के भविष्य के लिए साहित्य के साथ-साथ समाज, संस्कृति और ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्रों में भी कार्य करना आवश्यक है। भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि मेधा, चिंतन, संवेदना और बौद्धिक पहचान का आधार है। अंग्रेजी हमें दुनिया से जोड़ती है, जबकि हिंदी हमें अपनी मां-माटी और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ती है।

प्रो. पल्लव ने कहा कि हिंदी को मजबूत बनाने के लिए ज्ञान की हिंदी का निर्माण करना होगा। इसके लिए शब्दकोश, पत्र-पत्रिकाओं और साहित्यिक सामग्री का व्यवस्थित संग्रह एवं संरक्षण जरूरी है। प्रो. कैलाश सोडाणी ने कहा कि औपनिवेशिक मानसिकता के कारण समाज में अंग्रेजी के प्रति आकर्षण बना हुआ है, जबकि मौलिक चिंतन और अभिव्यक्ति का स्वाभाविक माध्यम मातृभाषा होती है। उन्होंने हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं को एक-दूसरे का सहयोगी बनाने पर बल दिया। स्वागत उद्बोधन कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. औतार लाल मीणा ने दिया। संगोष्ठी प्रतिवेदन आयोजन सचिव डॉ. कीर्ति माहेश्वरी ने प्रस्तुत किया तथा संचालन डॉ. प्रेमसिंह ने किया।

संगोष्ठी के दौरान तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। प्रथम तकनीकी सत्र ‘हिंदी: समय, संभावनाएं एवं चुनौतियां’ में आकाशवाणी, जोधपुर के कार्यक्रम अधिकारी संजय व्यास तथा साहित्यकार दशरथ सोलंकी ने विचार व्यक्त किए। सत्र की अध्यक्षता प्रो. मनीष रंजन ने की।

द्वितीय तकनीकी सत्र ‘वैश्विक हिंदी का समय और समाज’ में पोलिश भाषा विशेषज्ञ डॉ. तात्याना पुर्ले तथा स्पेन के मैड्रिड विश्वविद्यालय की प्रो. ज्योति नो ने अपने विचार प्रस्तुत किए। सत्र की अध्यक्षता डॉ. विशाल विक्रम सिंह ने की।

तृतीय तकनीकी सत्र ‘डिजिटल हिंदी’ में यूनियन बैंक, चेन्नई के मुख्य प्रबंधक (राजभाषा) विकास तिवारी तथा दक्षिण कोरिया के हांकुक यूनिवर्सिटी ऑफ फॉरेन स्टडीज के डॉ. मिहिर पांडे ने डिजिटल हिंदी, तकनीकी संसाधनों और वैश्विक हिंदी शिक्षण की संभावनाओं पर विचार रखे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778107 Articles

Share this story