पोथियों के प्रामाणिक इतिहास का अध्ययन एवं विश्लेषण आवश्यक: रामप्रसाद

WhatsApp Channel Join Now
पोथियों के प्रामाणिक इतिहास का अध्ययन एवं विश्लेषण आवश्यक: रामप्रसाद


जेएनवीयू में भारतीय वंशावली परंपरा पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित, लेखकों का सम्मान

जोधपुर, 13 नवम्बर (हि.स.)। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के थार लोक संस्कृति अध्ययन केन्द्र एवं अखिल भारतीय वंशावली संरक्षण एवं संवर्धन संस्थान जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को भारतीय वंशावली परंपरा: भारतीय ज्ञान प्रणाली के परिप्रेक्ष्य में अतीत, वर्तमान एवं भविष्य विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी विश्वविद्यालय के केंद्रीय कार्यालय परिसर स्थित बृहस्पति भवन में आयोजित हुई।

थार लोक संस्कृति अध्ययन केन्द्र के निदेशक प्रो. महिपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि अखिल भारतीय वंशावली संरक्षण एवं संवर्धन संस्थान जयपुर के संस्थापक रामप्रसाद मौजूद रहे। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) पवन कुमार शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

वहीं अखिल भारतीय धर्म जागरण के सह प्रमुख अरुण कांत बीज वक्ता तथा धर्म जागरण के राजस्थान क्षेत्रीय समन्वयक डॉ. ललित शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संगोष्ठी में मुख्य अतिथि रामप्रसाद ने कहा कि वंशावलियों में केवल पुरखों की जानकारी ही नहीं रहती बल्कि इनमें समसामयिक एवं तात्कालिक घटनाओं के बारे में भी संदर्भ सहित तथ्य मिलते हैं। वंशावली की पोथियों में हर व्यक्ति का इतिहास समाहित है। इसलिए इन पोथियों के प्रामाणिक इतिहास का अध्ययन और विश्लेषण आवश्यक है। इस अद्भुत परंपरा को वंशावली लेखकों ने जीवित रखा है। इसलिए इन्हें सरस्वती पुत्रों की संज्ञा दी जानी चाहिए।

अखिल भारतीय धर्म जागरण के सह प्रमुख अरुण कांत ने बीज वक्तव्य देते हुए कहा कि वंशावलियों के संरक्षण एवं पोथियों को सुरक्षित रखने के साथ ही इनको डिजिटल रूप में भी सहेजना आवश्यक है। उन्होंने नासदियसूत्र, हिरण्य गर्भ सूत्र सहित अन्य उदाहरणों से सृष्टि के सृजन एवं विनाश चक्र का वर्णन किया। इस दौरान उन्होंने वंश लेखकों की मनोवृत्ति एवं जीवन स्तर में सकारात्मक बदलावों की भी अपेक्षा की। विश्वविद्यालय कुलगुरु प्रो. पवन कुमार शर्मा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन के दौरान राष्ट्र निर्माण में वंशावली परंपरा की महत्ती भूमिका बताई। उन्होंने कहा कि इतिहास को हमें भारतीय संस्कृति के दृष्टिकोण से पढऩा होगा। सत्र के प्रारंभ में भंवर सिंह राव ने वंशावली पाठ किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों ने वंशावली लेखकों का प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मान भी किया।

संगोष्ठी में विद्वान, शोधकर्ता एवं विषय विशेषज्ञों ने भारतीय वंशावली परंपरा के ऐतिहासिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं अकादमिक पक्षों पर विचार-विमर्श किया। संगोष्ठी के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विषय विशेषज्ञों एवं शोधार्थियों द्वारा शोध-पत्रों का वाचन किया गया।

उद्घाटन सत्र में आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो गोविंद शुक्ल, डॉ. बाबूलाल भाट, जगत सिंह रावटी, राजेंद सिंह लीलिया, प्रो.विकल गुप्ता, प्रो. सुशीला शक्तावत, प्रो. सुनील आसोपा, प्रो. राम सिंह आढ़ा, वित्त नियंत्रक दशरथ सोलंकी, डॉ भगवान सिंह शेखावत, डॉ. सुरेश चौधरी सहित शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। उद्घाटन सत्र में डॉ. दिनेश राठी ने आभार व्यक्त किया। वहीं मंच संचालन डॉ. गोविंद सिंह ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776518 Articles

Share this story