राजस्थान में जियो-बीपी ने बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम, पेट्रोल 5 और डीजल 3 रुपये महंगा

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में जियो-बीपी ने बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम, पेट्रोल 5 और डीजल 3 रुपये महंगा


राजस्थान में जियो-बीपी ने बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम, पेट्रोल 5 और डीजल 3 रुपये महंगा


जयपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में निजी ईंधन कंपनियों की ओर से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। नायरा एनर्जी के बाद अब जियो-बीपी ने भी पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। कंपनी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। नई दरें रविवार सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं। इस बढ़ोतरी के बाद जियो-बीपी के पेट्रोल पंपों पर ईंधन भरवाने के लिए वाहन चालकों को पहले से अधिक राशि चुकानी होगी।

पेट्रोल एसोसिएशन के अनुसार जयपुर में जियो-बीपी के पंपों पर पेट्रोल की कीमत 112.65 रुपये से बढ़कर 117.65 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, डीजल के दाम 97.78 रुपये से बढ़कर 100.78 रुपये प्रति लीटर पहुंच गए हैं। राजस्थान में जियो-बीपी के 200 से अधिक पेट्रोल पंप संचालित हैं, जहां नई दरों का असर उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।

कंपनी की ओर से जारी नई दरों के अनुसार, जोधपुर में पेट्रोल 112.50 रुपये से बढ़कर 117.50 रुपये और डीजल 97 रुपये से बढ़कर 100 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

इसी तरह कोटा में पेट्रोल की कीमत 112.22 रुपये से बढ़कर 117.22 रुपये तथा डीजल की कीमत 97.37 रुपये से बढ़कर 100.37 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

इससे पहले 3 अक्टूबर को नायरा एनर्जी ने भी पेट्रोल के दाम 5 रुपये और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए थे। अब जियो-बीपी की ओर से की गई बढ़ोतरी के बाद निजी ईंधन कंपनियों के पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों का खर्च बढ़ गया है।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर खासकर रोजाना लंबी दूरी तय करने वाले वाहन चालकों और व्यावसायिक वाहनों के परिचालन खर्च पर पड़ सकता है।

माल परिवहन से जुड़े वाहनों के लिए डीजल महंगा होने से खर्च बढ़ने की आशंका है। वहीं, त्योहारों और छुट्टियों के दौरान लोगों की आवाजाही बढ़ने के बीच ईंधन की कीमतों में हुई इस वृद्धि से परिवारों के यात्रा बजट पर भी असर पड़ सकता है।

हालांकि, ये दरें जियो-बीपी के पेट्रोल पंपों से संबंधित हैं। अन्य कंपनियों के पेट्रोल पंपों पर कीमतें अलग हो सकती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story