शिक्षा में नवाचार को मिलेगा मंच: जिफ ने शुरू की राष्ट्रीय फिल्म प्रतियोगिता

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षा में नवाचार को मिलेगा मंच: जिफ ने शुरू की राष्ट्रीय फिल्म प्रतियोगिता


जयपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। शिक्षा व्यवस्था में नवाचार और सुधार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (जिफ) ने राष्ट्रीय शिक्षा पहल के तहत 2–7 मिनट मूवी मेकिंग प्रतियोगिता 2026 के दूसरे संस्करण के दूसरे चरण की घोषणा की है। प्रतियोगिता का विषय भारत में शिक्षा – चुनौतियां एवं समाधान रखा गया है, जिसका संदेश मेरी शिक्षा, मेरा भविष्य – जनता और सरकार साथ-साथ है।

जिफ के संस्थापक एवं निदेशक हनु रोज़ ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य शिक्षा से जुड़े वास्तविक मुद्दों, नई शिक्षा नीति, कौशल विकास, डिजिटल लर्निंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), समावेशी शिक्षा और भविष्य की शिक्षा व्यवस्था जैसे विषयों पर रचनात्मक लघु फिल्मों के माध्यम से सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देना है।

यह प्रतियोगिता स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक, सरकारी विभाग, गैर-सरकारी संगठन तथा आम नागरिकों के लिए खुली है। प्रतिभागी 2 से 7 मिनट की फिक्शन, डॉक्यूमेंट्री, एनीमेशन, एक्सपेरिमेंटल या मोबाइल फिल्म भेज सकते हैं। प्रत्येक टीम में 2 से 10 सदस्य शामिल हो सकते हैं और आयु की कोई सीमा नहीं रखी गई है। फिल्में किसी भी भारतीय या अंतरराष्ट्रीय भाषा में भेजी जा सकती हैं।

फिल्में जमा करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 है, जबकि परिणाम 10 जनवरी 2027 को घोषित किए जाएंगे। प्रति फिल्म डेढ हजार रूपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है।

प्रतियोगिता में 1 लाख तक के नकद पुरस्कार, विजेता प्रमाण-पत्र, विशेष ज्यूरी अवार्ड, ऑडियंस चॉइस अवार्ड और आधिकारिक चयन प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। चयनित फिल्मों का प्रदर्शन 8 से 12 जनवरी 2027 तक आयोजित होने वाले जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (जिफ-2027) में किया जाएगा। प्रतिभागियों को फिल्मकारों, शिक्षाविदों और उद्योग विशेषज्ञों के साथ संवाद एवं नेटवर्किंग का अवसर भी मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story