जेडीसी ने किया इन्दुनी फाटक आरओबी, महल रोड पर यू-टर्न एवं शिप्रा पथ जंक्शन का किया दौरा
जयपुर, 15 मई (हि.स.)। जयपुर शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने शुक्रवार को इन्दुनी फाटक, महल रोड स्थित हरे कृष्णा मार्ग पर यू-टर्न और शिप्रा पथ स्थित डी-पार्क सर्किल व डी-मार्ट जंक्शन का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान जयपुर विकास प्राधिकरण प्राधिकरण ने सी.बी.आई फाटक (एल.सी.-214) पर निर्माणाधीन चार लेन आरओबी के कार्यों का जायजा लिया। इस 950 मीटर लंबे आरओबी के निर्माण से खो-नागोरियन रोड़ से 07 नम्बर चौराहा, जगतपुरा व महल रोड़ तक निर्बाध यातायात प्रवाह संभव हो सकेगा। जेडीसी ने अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा प्रगतिरत फाउण्डेशन, सब-स्ट्रक्चर एवं सुपर-स्ट्रक्चर के कार्यों में गुणवत्ता रखने के निर्देश दिए।
जोन-9 के अंतर्गत महल रोड़ स्थित हरे कृष्णा मार्ग पर यातायात सुधार एवं यू-टर्न सुविधा के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस परियोजना के लिए 1212.11 लाख रुपये की स्वीकृति के साथ संबंधित एजेंसी को लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस जारी किया जा चुका है।
जेडीसी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस कार्य को अपेक्षित तिथि 31 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण किया जाए, जिससे आमजन को सुगम यातायात की सुविधा जल्द मिल सके।
साथ ही, जेडीसी द्वारा जेडीए अभियंताओं के साथ डी-मार्ट जंक्शन का भी विजिट किया और यहाँ यातायात के दबाव को कम करने तथा वाहन चालकों की सुविधा के लिए अधिकारियों को डी-मार्ट के बाहर सड़क को चौड़ी करने के सख्त निर्देश दिए, जिससे इस व्यस्त क्षेत्र में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और ट्रैफिक व्यवस्था और अधिक सुचारू रूप से संचालित हो सके।
उल्लेखनीय है कि डी-मार्ट सर्किल इस मार्ग का एक अहम तिराहा है, जहां सर्किल की संरचना के कारण 100 मीटर के दायरे में दोनों ओर तिराहा बनने से अक्सर ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती थी, जिससे आमजन को काफी परेशानी होती थी। जाम की इस समस्या से निजात दिलाने के लिए जेडीए द्वारा ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर मौका निरीक्षण किया गया। इसके उपरांत सर्किल पर तिराहों को बंद कर ट्रैफिक को सीधे व यू-टर्न के माध्यम से संचालित किया गया। इसके सुलभ परिचालन के सफल परीक्षण के बाद अब इस संरचना को स्थाई कर दिया गया है, जिससे यातायात सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिशासी अभियंता सहित जेडीए के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

