रिंग रोड क्षेत्र में बिजली और पट्टों की समस्या से जूझ रहे किसान, जेडीए ने कहा- इलेक्ट्रिफिकेशन की योजना तैयार की जा रही

WhatsApp Channel Join Now
रिंग रोड क्षेत्र में बिजली और पट्टों की समस्या से जूझ रहे किसान, जेडीए ने कहा- इलेक्ट्रिफिकेशन की योजना तैयार की जा रही


जयपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। जयपुर रिंग रोड परियोजना से प्रभावित किसान और स्थानीय लोग मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशान हैं। किसानों का कहना है कि रिंग रोड निर्माण के लिए भूमि देने के वर्षों बाद भी उन्हें बिजली, पट्टे और अन्य आधारभूत सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं। वहीं जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) का कहना है कि रिंग रोड के इलेक्ट्रिफिकेशन की योजना तैयार की जा रही है।

जानकारी के अनुसार जेडीए ने रिंग रोड के लिए भूमि अवाप्ति की प्रक्रिया वर्ष 2005 में शुरू की थी। वर्ष 2014 में 47 किलोमीटर लंबे रिंग रोड क्षेत्र से आवास एवं अन्य निर्माण हटाए गए और वर्ष 2019 में इस मार्ग पर यातायात शुरू हो गया। इसके बाद क्षेत्र में बसावट भी शुरू हो गई, लेकिन अभी तक कई स्थानों पर आधारभूत सुविधाओं का विकास अधूरा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि रिंग रोड परियोजना के तहत भूखंड आवंटित किए जाने के करीब 15 वर्ष बाद भी लगभग 30 प्रतिशत किसानों को पट्टे नहीं मिले हैं। पट्टों के लिए उन्हें जेडीए के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। साथ ही रिंग रोड क्षेत्र में बिजली का स्थायी ढांचा विकसित नहीं होने के कारण लोगों को अस्थायी बिजली कनेक्शन लेकर अधिक बिल और स्थायी कनेक्शन के लिए अतिरिक्त राशि का भुगतान करना पड़ रहा है।

जयपुर विकास प्राधिकरण के निदेशक (इंजीनियरिंग) अजय गर्ग ने बताया कि रिंग रोड के इलेक्ट्रिफिकेशन को लेकर योजना तैयार की जा रही है। आगामी समय में इस दिशा में कार्य शुरू किया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 47 किलोमीटर लंबे रिंग रोड के इलेक्ट्रिफिकेशन पर लगभग 300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके तहत 133 केवी और 33 केवी के एक दर्जन से अधिक सब-स्टेशन, विद्युत लाइनें तथा रोड लाइट लगाने का कार्य किया जाएगा। जेडीए ने जोन-10 क्षेत्र में आंशिक रूप से इलेक्ट्रिफिकेशन का कार्य कराया है, जबकि जोन-9, जोन-11 और जोन-14 में अभी कार्य शेष है।

रिंग रोड की सर्विस सड़कें भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हैं। विशेषकर पुलियाओं के आसपास जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान जलभराव हो जाता है, जिससे सड़कें और अधिक खराब हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्विस रोड की मरम्मत नहीं होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। हालांकि जेडीए की ओर से फिलहाल मरम्मत को लेकर कोई ठोस योजना सामने नहीं आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story