विरोध के बीच जेडीए ने गुर्जर की थड़ी से सोडाला तक हटाए अतिक्रमण

WhatsApp Channel Join Now
विरोध के बीच जेडीए ने गुर्जर की थड़ी से सोडाला तक हटाए अतिक्रमण


जयपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। न्यू सांगानेर रोड पर जयपुर विकास प्राधिकरण के प्रवर्तन दस्ते द्वारा आमजन के विरोध के बीच 60-70 मकान-दुकान सहित अन्य अतिक्रमणों को हटाया गया। हाईकोर्ट के आदेश के बाद यह कार्रवाई गुर्जर की थड़ी के पास मेट्रो पिलर-84 से सोडाला तिराहे की ओर पिलर-107 तक 800 मीटर के दायरे में की गई। जेडीए द्वारा चार प्रवर्तन टीमों का गठन कर संयुक्त अभियान चलाया गया।

जेडीए दस्ते ने सडक़ सीमा (100 फीट) में आ रहे होटल, मैरिज गार्डन, हॉस्पिटल, मकान व दुकानों के रैम्प, रेलिंग, टीनशेड, सीढिय़ां, बाउंड्री वॉल और अगले हिस्से को तोड़ा गया। होटल लजीज के आगे के हिस्से को भी ध्वस्त किया गया। कलकत्ता मैरिज गार्डन में आज शादी होनी थी। जोधपुर से बारात आनी थी। इस बीच जेडीए ने अवैध निर्माण हटाने के दौरान डेकोरेशन गेट और सजावट भी हटा दिए । इससे लडक़ी के परिवारजन दुखी नजर आए।

व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध किया। व्यापारियों की पुलिस से धक्का-मुक्की भी हो गई। लोगों का कहना था कि प्रशासन तानाशाही कर रहा है। घर तोड़े जाने पर कई महिलाएं भावुक हो गईं। एक महिला रोते हुए बोली कि जीवनभर की पूंजी से बनाया मकान तोड़ दिया।

हाई कोर्ट के निर्देश के बाद जेडीए की न्यू सांगानेर रोड पर करीब 8 घंटे तक कार्रवाई चली। मेट्रो पिलर नंबर 84 से 105 के बीच अतिक्रमण क्षेत्र में आ रही दुकान और मकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई। भवन और दुकानें टूटने के दौरान कुछ महिलाएं रो पड़ीं, वहीं व्यापारियों की पुलिस से धक्का-मुक्की भी हो गई। मेट्रो पिलर नंबर 101 के सामने जब एक बिल्डिंग के आगे वाले हिस्से को गिराने के लिए बुलडोजर पहुंचा तो महिला पहली मंजिल पर खड़ी हो गई। वहीं परिजन नीचे जेडीए अधिकारियों से कहते नजर आए कि हमने लाल निशान तक सीढिय़ों का निर्माण हटा लिया। जरूरत हुई तो हम खुद ही हटा लेंगे, हमें समय तो दें। पिलर नंबर 89 के सामने दुकान पर बने भवन में बुजुर्ग महिला सहित उनके परिवार के लोग मौजूद थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस उन्हें नीचे उतारने पहुंची। परिजनों ने बुजुर्ग महिला के बीमार होने का हवाला दिया। साथ ही कहा कि हम नीचे नहीं उतरेंगे चाहे जो भी हो। पुलिस ने किसी तरह सभी को नीचे उतार कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

उप महानिरीक्षक पुलिस आनन्द शर्मा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान सडक़ सीमा के दोनों ओर अतिक्रमण कर बनाई गई दुकानों, मकानों, बालकनियों, बाउंड्रीवाल, टीनशेड, चबूतरों एवं सीढिय़ों सहित अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। जेसीबी एवं लोडर मशीनों तथा मजदूरों की सहायता से अतिक्रमण हटाकर सडक़ सीमा को मुक्त करवाया गया।

यह जेडीए की कार्रवाई का दूसरा फेज था। इससे पहले 5 अक्टूबर को पहले फेज में गुर्जर की थड़ी से विवेक विहार तक करीब 700 मीटर क्षेत्र में 70-80 मकान-दुकानों से अवैध निर्माण हटाया था।

गौरतलब है कि गुर्जर की थड़ी चौराहे से सोडाला तिराहे तक करीब 2.4 किमी एरिया में कुल 260 अवैध निर्माण हटाए जाने हैं। यह सडक़ 100 फीट चौड़ी है, लेकिन काफी जगह अवैध निर्माण के कारण इसकी चौड़ाई 40 से 60 फीट तक ही रह गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779270 Articles

Share this story