जेडीए ने छह माह में 2.30 लाख से अधिक फाइलों का किया डिजिटलीकरण
जयपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने ई-गवर्नेंस को मजबूत करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पिछले छह माह में 2.30 लाख से अधिक फाइलों का डिजिटलीकरण और ऑनलाइन प्रविष्टि का कार्य पूरा किया है। मिशन मोड में चलाए गए फाइल ट्रैकिंग सिस्टम (एफटीएस) अभियान के तहत यह कार्य रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया।
जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि वर्तमान में जेडीए की कुल 6 लाख 33 हजार 657 फाइलें फाइल ट्रैकिंग सिस्टम पर दर्ज की जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग 10 वर्षों में जहां 4 लाख 3 हजार 357 फाइलों की प्रविष्टि हुई थी, वहीं पिछले छह माह में ही 2 लाख 30 हजार 300 फाइलें सिस्टम में दर्ज कर प्रशासनिक दक्षता का नया उदाहरण प्रस्तुत किया गया है।
उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के तहत प्रत्येक फाइल का यूनिक आईडी, फाइल नंबर, राजकाज नंबर, विषय, संबंधित जोन, कुल पृष्ठों की संख्या तथा प्रारंभिक और अंतिम पैरा नंबर सिस्टम में दर्ज किया गया है। इससे प्रत्येक फाइल का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार हो गया है और उसकी वर्तमान स्थिति किसी भी समय ऑनलाइन देखी जा सकेगी। साथ ही दस्तावेजों के गुम होने की संभावना भी समाप्त होगी।
महाजन ने बताया कि जेडीए के सभी जोनों में उपलब्ध फाइलों का चार्ज अब फाइल ट्रैकिंग सिस्टम के माध्यम से संबंधित सहायक अथवा लिपिक को हस्तांतरित किया जाएगा। इससे प्रत्येक फाइल के लिए संबंधित कर्मचारी की स्पष्ट जवाबदेही तय होगी। किसी कर्मचारी के स्थानांतरण अथवा कार्यमुक्त होने की स्थिति में ऑनलाइन चार्ज हस्तांतरण के बाद ही उसे फाइलों के दायित्व से मुक्त माना जाएगा।
उन्होंने कहा कि फाइल ट्रैकिंग सिस्टम के पूर्ण रूप से लागू होने से फाइलों के गुम होने, अनावश्यक विलंब तथा पुराने रिकॉर्ड की तलाश में लगने वाले समय में कमी आएगी। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप इससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और आमजन को समयबद्ध एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

