22 गोदाम से बी-2 बाइपास सडक़ चौड़ीकरण में रेलवे की जमीन की जांच करेगा जेडीए
जयपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। बाइस गोदाम से बी-टू बाइपास तक सडक़ चौड़ीकरण की योजना में अब रेलवे की जमीन की सीमा भी जांच के दायरे में आ गई है। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने जेडीए अधिकारियों को रेलवे के पुराने सेटलमेंट रिकॉर्ड खंगालने और मौजूदा मौके की स्थिति का मिलान करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने बुधवार को कहा कि यदि रेलवे अपनी आवंटित भूमि से अधिक क्षेत्र में काबिज पाया जाता है, तो नियमानुसार नोटिस जारी किया जाएगा। वहीं, रेलवे की ओर से आपत्ति या दस्तावेज प्रस्तुत किए जाने पर उनकी वैधानिकता की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
जेडीए 22 गोदाम से बी-2 बाइपास तक सडक़ चौड़ीकरण को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पीडब्ल्यूडी पुलिया से बी-2 बाइपास और हिसामपुरा क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान करीब 64 निर्माण सडक़ सीमा में चिह्नित किए गए थे। इन पर लाल निशान लगाए गए हैं। कहीं 8 फीट तो कहीं 14 फीट तक हिस्सा सडक़ सीमा में आ रहा है। जेडीए ने इस सडक़ को तीन हिस्सों में बांटकर अलग-अलग चौड़ाई निर्धारित की है। 22 गोदाम से महेश नगर फाटक तक 2.7 किलोमीटर सडक़ 40 फीट, महेश नगर फाटक से गोपालपुरा बाइपास पुलिया तक 1.9 किलोमीटर सडक़ 60 फीट और गोपालपुरा बाइपास पुलिया से बी-2 बाइपास तक 2.9 किलोमीटर सडक़ 80 फीट चौड़ी निर्धारित की गई है। मास्टर प्लान में पहले इस पूरे मार्ग की चौड़ाई 100 फीट प्रस्तावित थी, लेकिन बाद में जोनल प्लान में तीन हिस्सों में अलग-अलग चौड़ाई तय की गई।
यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने आगामी किसी भी कार्रवाई से पहले रेलवे की जमीन के दस्तावेज खंगालने के निर्देश दिए हैं। वर्ष 1925 के रियासतकालीन सेटलमेंट रिकॉर्ड और आजादी के बाद 1952 से 1955 के बीच हुए सेटलमेंट के दस्तावेज जुटाएं। इन रिकॉर्ड में रेलवे को कितनी जमीन आवंटित या अधिग्रहित की गई थी, उसकी चौड़ाई और क्षेत्रफल का पता लगाया जाए। इसके बाद दोनों रिकॉर्ड का तुलनात्मक अध्ययन कर वर्तमान स्थिति का मौके पर नाप कराया जाए, यदि रिकॉर्ड और मौके की स्थिति में अंतर सामने आता है और रेलवे आवंटित सीमा से अधिक जमीन पर काबिज है, तो उसे अतिक्रमण के रूप में रिकॉर्ड पर लेकर जेडीए नियमों के अनुसार नोटिस जारी किया जाए।
सडक़ चौड़ीकरण पूरा होने पर बी-2 बाइपास से 22 गोदाम तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। अभी वाहन चालकों को टोंक रोड के रास्ते लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। इस मार्ग के विकसित होने से वैकल्पिक रास्ता मिलेगा और टोंक रोड पर यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

