न्यू सांगानेर रोड पर जेडीए का बुलडोजर एक्शन: 80 से अधिक मकान-दुकानों के अवैध हिस्से ध्वस्त
जयपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। राजधानी जयपुर में न्यू सांगानेर रोड को 100 फीट चौड़ा करने और यातायात व्यवस्था सुगम बनाने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने बुधवार को अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज कर दिया। इस अभियान के दूसरे चरण में गुर्जर की थड़ी से सोडाला तिराहे की ओर मेट्रो पिलर संख्या 84 से 105-107 के बीच करीब 800 मीटर क्षेत्र में सड़क सीमा में आ रहे 80 से अधिक मकान-दुकानों और व्यावसायिक भवनों के अवैध हिस्सों को ध्वस्त किया गया। बुधवार सुबह करीब 8 बजे शुरू हुई कार्रवाई लगभग आठ घंटे तक चली। इस दौरान दो जेसीबी मशीनों और चार प्रवर्तन टीमों की मदद से रैंप, सीढ़ियां, रेलिंग, टिनशेड, बाउंड्रीवॉल, दीवारें और भवनों के आगे के हिस्से हटाए गए। कार्रवाई के दौरान स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने विरोध किया। कुछ स्थानों पर पुलिस और व्यापारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
जेडीए की टीम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई में जोन-सी उपायुक्त हेमंत कुमार, प्रवर्तन अधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मेट्रो पिलर संख्या 104 के पास दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध किया, जिस पर पुलिस ने उन्हें पीछे हटाया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और मोबाइल फोन से कार्रवाई के वीडियो बनाते रहे। विवेक विहार मेट्रो स्टेशन के पास होटल लजीज के सामने सड़क सीमा में आ रहे करीब 4 से 7 फीट हिस्से को ध्वस्त किया गया। कलकत्ता मैरिज गार्डन की दीवार और प्रवेश द्वार पर भी जेडीए का बुलडोजर चला। इसके अलावा संजीवनी हॉस्पिटल की सड़क सीमा में आ रही दीवार को भी तोड़ा गया। होटल, मैरिज गार्डन, अस्पताल, मकानों और दुकानों के आगे बने निर्माणों को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान कलकत्ता मैरिज गार्डन में शादी समारोह होने के कारण मामला चर्चा में रहा। यहां बुधवार को शादी थी और जोधपुर से बारात आने वाली थी। जेडीए ने मैरिज गार्डन की दीवार के साथ प्रवेश द्वार और बाहर की सजावट भी हटा दी। इससे शादी वाले परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ा। लड़की की मां चंद्ररेखा ने कहा कि बुकिंग के समय मैरिज गार्डन संचालक ने अतिक्रमण या कार्रवाई के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी। अब शादी के दिन कार्रवाई से सारी व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई है।
लड़की के पिता अमर सिंह ने बताया कि उन्होंने जेडीए टीम से शादी समारोह को देखते हुए शाम तक गेट छोड़ने का आग्रह किया था। उनका कहना था कि पहले गेट का कुछ हिस्सा छोड़ दिया गया था, लेकिन बाद में उसे भी तोड़ दिया गया। इससे सजावट का सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ। परिवार ने कार्रवाई के समय को लेकर नाराजगी जताई।
कार्रवाई के दौरान कई मकान मालिक और दुकानदार भावुक हो गए। मंजू कुमावत नाम की महिला रोते हुए बोलीं कि उन्होंने जीवनभर की पूंजी लगाकर मकान बनाया था। उन्होंने सरकार से नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजे की मांग की। कुछ परिवारों ने जेडीए अधिकारियों से खुद निर्माण हटाने के लिए समय देने की अपील की। पिलर संख्या 88 के सामने एक तीन मंजिला मकान के आगे परिवार के सदस्य कार्रवाई रोकने के लिए खड़े हो गए। उनका कहना था कि वे स्वयं अवैध हिस्सा हटा देंगे। एक अन्य महिला ममता कुमावत ने कहा कि त्योहार के कारण मजदूर और सेटर का काम समय पर नहीं मिल पाया। वे पहले ही तीन फीट हिस्सा हटा चुके हैं और शेष निर्माण भी खुद हटाना चाहते हैं। उनका आरोप था कि बुलडोजर चलने से पूरे मकान को नुकसान पहुंच सकता है।
सीमा शर्मा ने दावा किया कि उनके मकान में चार परिवार रहते हैं और प्रशासन ने पहले कार्रवाई के लिए 7 दिसंबर की तारीख बताई थी, लेकिन उससे पहले ही निर्माण तोड़ने पहुंच गया। उन्होंने मुआवजा देने की मांग की। स्थानीय निवासी पूनम शर्मा ने कहा कि पिलर संख्या 127 के पास उनका करीब 50 साल पुराना मकान और दुकान है। उन्होंने परिवार के सामने आवास और रोजगार का संकट खड़ा होने की बात कही।
कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि जेडीए की कार्रवाई में समानता नहीं बरती जा रही है। स्थानीय निवासी दुर्गालाल ने कहा कि उनकी दुकान के पीछे बनी एक अन्य इमारत पर कार्रवाई नहीं की गई, जबकि उनके निर्माण को तोड़ दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोगों के निर्माणों को छोड़ दिया गया है। व्यापारियों ने होटल लजीज और आसपास की कुछ इमारतों पर कार्रवाई के तरीके को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि कुछ भवनों के ऊपरी हिस्सों को छोड़कर केवल निचले हिस्सों पर कार्रवाई की गई। पेट्रोल पंप पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर भी लोगों ने सवाल उठाए।
न्यू सांगानेर व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष विक्रम चाहर ने कहा कि वे पिछले 25 वर्षों से इस क्षेत्र में व्यापार कर रहे हैं। उनका आरोप था कि सर्वे मेट्रो पिलर को आधार बनाकर किया गया है, जबकि मेट्रो लाइन की स्थिति को लेकर भी सवाल हैं। व्यापारी पंकज शर्मा ने कहा कि पहले चरण में भी व्यापारियों ने खुद को ठगा महसूस किया था और दूसरे चरण में भी उनकी बात नहीं सुनी जा रही है। दुकानदार लक्ष्मण यादव का कहना था कि कई दुकानदारों ने अपने स्तर पर निर्माण हटाना शुरू कर दिया था और दुकानों में सामान रखा हुआ था, इसके बावजूद कार्रवाई की गई। उन्होंने पुलिस पर धक्का-मुक्की और मारपीट के आरोप भी लगाए।
दुकानदार तोलाराम यादव ने बताया कि उन्हें 27 सितंबर को नोटिस मिला था। इसके बाद से वे लगातार निर्माण हटाने का काम कर रहे थे। दिवाली के कारण मजदूरों की उपलब्धता नहीं हो सकी। उन्होंने जेडीए से खुद निर्माण हटाने के लिए समय मांगा था, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई की गई। उन्होंने स्थानीय विधायक की अनुपस्थिति पर भी नाराजगी जताई।
जेडीए के अतिरिक्त मुख्य नियंत्रक इस्लाम खान के अनुसार न्यू सांगानेर रोड पर 100 फीट सड़क सीमा में आ रहे करीब 70 से 80 अतिक्रमण चिह्नित किए गए थे। इनमें से लगभग 25 से 30 लोगों ने अपने स्तर पर निर्माण हटा लिए हैं। शेष अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि संबंधित लोगों को पहले नोटिस जारी किए गए थे। उनकी आपत्तियां सुनने और उनका निस्तारण करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई है। कुछ लोगों ने स्वयं निर्माण हटाने के लिए समय मांगा था, जिन्हें समय भी दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, अभियान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और चिह्नित अतिक्रमण हटने तक कार्रवाई जारी रहेगी।
सर्किल ऑफिसर जेठू सिंह ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए लोगों को पहले समझाइश दी गई थी। कुछ लोगों ने निर्माण हटाने के लिए समय मांगा था, जिस पर उन्हें समय दिया गया। इसके बाद कई लोगों ने स्वयं ही निर्धारित सीमा तक अपने निर्माण हटा लिए।
न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण हटाने का अभियान राजस्थान हाईकोर्ट के 6 अगस्त 2026 के आदेश की पालना से जुड़ा है। सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने के मामले में हाईकोर्ट ने जेडीए को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। 16 सितंबर को हुई सुनवाई में अदालत ने अतिक्रमण हटाने के लिए दो सप्ताह का समय देते हुए निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर जेडीए आयुक्त, जेडीए सचिव और नगर निगम आयुक्त को अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से पेश होने की चेतावनी दी थी। सड़क सीमा में आने वाले करीब 210 लोगों को राजस्थान नगर सुधार अधिनियम की धारा 72 के तहत नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जेडीए ने मौके पर कार्रवाई तेज की।
मास्टर प्लान के अनुसार गुर्जर की थड़ी से सोडाला तिराहे तक करीब 2.4 किलोमीटर लंबी न्यू सांगानेर रोड को 100 फीट चौड़ा किया जाना प्रस्तावित है। जेडीए के अनुसार, सड़क की निर्धारित चौड़ाई कई स्थानों पर अतिक्रमण के कारण घटकर 40 से 60 फीट तक रह गई है। अभियान के पहले चरण में 5 अक्टूबर को गुर्जर की थड़ी से विवेक विहार तक करीब 700 मीटर क्षेत्र में कार्रवाई कर लगभग 50 मकानों और दुकानों के अवैध हिस्से हटाए गए थे। अब दूसरे चरण में शेष हिस्से में कार्रवाई की जा रही है। पूरे मार्ग पर करीब 260 अवैध निर्माण हटाए जाने हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

