जेडीए पहली बार बनाएगा 10 मंजिला आवासीय इमारत

WhatsApp Channel Join Now
जेडीए पहली बार बनाएगा 10 मंजिला आवासीय इमारत


जयपुर, 05 मई (हि.स.)। जयपुर विकास प्राधिकरण पहली बार जयपुर में 10 मंजिला आवासीय भवन बनाने की तैयारी में है। इस भवन में 250 से अधिक फ्लैट्स होंगे जो कि जरुरत के हिसाब से जेडीए अधिकारियों को रहने के लिए उपलब्ध करवाए जाएंगे। भवन को लेकर जेडीए ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है। इसके लिए डीपीआर सहित अन्य प्रक्रिया जल्द अमल में लाई जाएंगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान में मालवीय नगर और लालकोठी में जेडीए सहित अन्य विभागों के अधिकारियों के आवास बने हुए है जो कि नाकाफी साबित हो रहे है। इसी को ध्यान में रखकर पुलिस मुख्यालय के सामने खाली पड़ी जगह के साथ ही कुछ पुराने या जर्जर हो चुके जेडीए क्वार्टर्स को गिराकर एक शानदार 10 मंजिला भवन आवासीय भवन बनाया जाएगा। इसके में अधिकारियों के जरुरत के हिसाब से सभी सुविधाएं उपलब्ध होगी। इस पर करीब 200 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है। इस भवन को लेकर डीपीआर तैयार करने को लेकर टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।

डायरेक्टर इंजीनियर देवेंद्र गुप्ता ने बताया कि जेडीए अधिकारी व कर्मचारियाें के आवास की जरुरत काे ध्यान में रखकर बहुमंजिला इमारत बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्हाेंने बताया कि लालकोठी में बनने वाली बहुमंजिला इमारत में 3 और 4 बीएचके के फ्लैट होंगे। इसके अलावा यहां शॉपिंग एरिया, खेलकूद (इंडोर गेम्स), जिम, सामुदायिक हॉल सहित अन्य सुविधाएं भी विकसित करने की योजना है। जयपुर में लगातार बढ़ती जमीनों की कीमत सहित मल्टीस्टोरी के कल्चर को ध्यान में रखकर जेडीए पहली बार इस दिशा में काम कर रहा है। जयपुर शहर में लगातार बढ़ते प्रदूषण के चलते जेडीए इस परिसर में ग्रीनरी का भी पूरा ध्यान रखेगा। इस योजना को जेडीए करीब 14000 स्क्वायर मीटर में भूमि पर विकसित करने जा रहा है।

इस बहुमंजिला इमारत को जेडीए इस रुप में तैयार करवाने की योजना पर भी काम कर रहा है कि यहां पर बनने वाले फ्लैट्स को दूसरे सरकारी विभाग और सहकारी संस्थाएं भी एक निश्चित भुगतान कर ले सकेगी। इससे जेडीए को राजस्व भी मिल सकेगा। विशेष बात यह है कि इस फ्लैट्स में पहली प्राथमिकता जेडीए अधिकारी व कर्मचारी होंगे। उसके बाद अगर फ्लैट्स बचते है तो दूसरे विभागों को यह उपलब्ध हो सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story