जेसीबी की खुदाई में टूटी गैस पाइपलाइन में रिसाव से मचा हड़कंप

WhatsApp Channel Join Now
जेसीबी की खुदाई में टूटी गैस पाइपलाइन में रिसाव से मचा हड़कंप


जयपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। झोटवाड़ा थाना इलाके के कमानी मोड़ चौराहे पर शुक्रवार दोपहर जेसीबी से खुदाई के दौरान टोरंट गैस की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटते ही गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना दोपहर करीब साढ़े 12 बजे की है।

गैस रिसाव की सूचना मिलते ही पुलिस, सिविल डिफेंस की टीम और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली सप्लाई बंद करवाई गई। किसी भी तरह की अनहोनी की आशंका को देखते हुए आसपास का यातायात डायवर्ट कर दिया गया और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की गई।

पुलिस और प्रशासन ने तत्काल गैस कंपनी को सूचना दी। इसके बाद कंपनी की ओर से गैस की सप्लाई बंद करवाई गई, जिससे रिसाव को नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू की जा सकी।

थानाधिकारी रेजल सिंह ने बताया कि गैस सप्लाई बंद होने के बाद करीब आधे घंटे की मशक्कत में रिसाव को नियंत्रित कर लिया गया। समय रहते गैस सप्लाई बंद कराने और पुलिस-प्रशासन की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

रिसाव नियंत्रित होने के बाद पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान एहतियात के तौर पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story