जयसमंद में गणपति विसर्जन के दौरान दो डूबे

WhatsApp Channel Join Now
जयसमंद में गणपति विसर्जन के दौरान दो डूबे


सलूम्बर, 23 सितम्बर (हि.स.)। सलूम्बर जिले की प्रसिद्ध जयसमंद झील के गामड़ी क्षेत्र में बुधवार को गणपति विसर्जन के दौरान एक बड़ा हो गया। विसर्जन के समय पैर फिसलने और संतुलन बिगड़ने से दो युवक गहरे पानी में समा गए। सूचना मिलते ही पुलिस और नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद एक युवक का शव बाहर निकाल लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।जानकारी के अनुसार जावद के मोटीकाकर निवासी 15 वर्षीय मावाराम और 25 वर्षीय शंकरलाल अन्य ग्रामीणों के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा विसर्जित करने जयसमंद झील के गामड़ी किनारे पहुंचे थे। विसर्जन प्रक्रिया के दौरान दोनों अचानक अनियंत्रित होकर गहरे पानी की ओर चले गए। मौके पर मौजूद साथियों और ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन पानी की अधिक गहराई और तेज बहाव के चलते दोनों देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गए।हादसे की सूचना पर तुरंत स्थानीय पुलिस प्रशासन और गोताखोरों का दल मौके पर पहुंचा और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने एक युवक के शव को पानी से बाहर निकाल लिया। वहीं दूसरे युवक की तलाश के लिए झील में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस दर्दनाक घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और समूचे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story