आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखने वाले महान राष्ट्रनिर्माता थे पंडित जवाहरलाल नेहरू — डॉ. राजकुमार जयपाल

WhatsApp Channel Join Now
आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखने वाले महान राष्ट्रनिर्माता थे पंडित जवाहरलाल नेहरू — डॉ. राजकुमार जयपाल


अजमेर, 14 नवंबर (हि.स.)। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री, भारत रत्न, महान स्वतंत्रता सेनानी एवं आधुनिक भारत के निर्माता स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर आज अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में नेहरू पार्क स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू केवल देश के प्रथम प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि स्वतंत्र भारत के भविष्य की मजबूत नींव रखने वाले महान राष्ट्रनिर्माता थे। आजादी के बाद जब देश अनेक चुनौतियों से जूझ रहा था, तब पंडित नेहरू ने दूरदर्शी नेतृत्व प्रदान करते हुए भारत को लोकतंत्र, शिक्षा, विज्ञान, औद्योगिक विकास और आधुनिक सोच की दिशा में आगे बढ़ाया।

उन्होंने कहा कि देश में बड़े बांधों, सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों, वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने में पंडित नेहरू का योगदान सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने देश को एक ऐसे भारत का सपना दिया, जहां हर नागरिक को आगे बढ़ने का अवसर मिले और देश की विविधता उसकी सबसे बड़ी ताकत बने।

डॉ. जयपाल ने कहा कि आज पंडित नेहरू की जयंती पर हमें उनके विचारों और आदर्शों को केवल याद ही नहीं करना चाहिए, बल्कि देश की एकता, अखंडता, लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।

अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने बताया कि पुष्पांजलि कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के राष्ट्र निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया। सभी ने उनके आदर्शों को अपनाने और देश की प्रगति, भाईचारे एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी उपस्थित कांग्रेसजनों ने आधुनिक भारत के निर्माण में पंडित जवाहरलाल नेहरू के अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777218 Articles

Share this story