जाट आरक्षण रैली में बेनीवाल के बयान पर नाराज हुए भाजपा विधायक, मंच छोड़कर गए

WhatsApp Channel Join Now
जाट आरक्षण रैली में बेनीवाल के बयान पर नाराज हुए भाजपा विधायक, मंच छोड़कर गए


जाट आरक्षण रैली में बेनीवाल के बयान पर नाराज हुए भाजपा विधायक, मंच छोड़कर गए


भरतपुर, 22 जून (हि.स.)। भरतपुर में जाट आरक्षण की मांग को लेकर साेमवार काे आयोजित हुंकार रैली के दौरान नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर किए गए राजनीतिक प्रहार से मंच पर असहज स्थिति पैदा हो गई। बेनीवाल के संबोधन के दौरान नदबई विधायक जगत सिंह और डीग-कुम्हेर विधायक शैलेश सिंह नाराज होकर मंच छोड़कर चले गए। रैली में राजस्थान के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से भी जाट समाज के लोग शामिल हुए।

नुमाइश मैदान में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए हनुमान बेनीवाल ने कहा कि भरतपुर-धौलपुर क्षेत्र के युवाओं को गुमराह किया जा रहा है और जाट समाज के मन में आरक्षण को लेकर गहरी पीड़ा है। उन्होंने कहा कि वे किसी भी लड़ाई को अधूरा नहीं छोड़ते और किसी से डरते नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि रैली के बाद राजस्थान की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

बेनीवाल के भाषण के दौरान नदबई विधायक जगत सिंह उन्हें रोकने के लिए खड़े हुए और उनसे हाथ मिलाकर संकेत दिया कि वे विवादित टिप्पणी से बचें। इसके बाद भी जब बेनीवाल अपनी बात जारी रखे रहे तो जगत सिंह ने असहमति जताते हुए मंच छोड़ दिया। उनके साथ डीग-कुम्हेर विधायक शैलेश सिंह भी मंच से उतर गए।

रैली में डीग-कुम्हेर विधायक शैलेश सिंह ने कहा कि भरतपुर और धौलपुर के जाटों को राज्य स्तर पर आरक्षण दिलाने में उनके पिता एवं पूर्व मंत्री दिगंबर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। उन्होंने बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कार्यकाल में अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन हुआ, व्यापक सर्वे कराया गया और उसके आधार पर जाट समाज को आरक्षण का लाभ मिला।

भरतपुर सांसद संजना जाटव ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान जाट समाज ने उनसे आरक्षण का मुद्दा उठाने की अपेक्षा की थी। उन्होंने कहा कि वह इस विषय को संसद में उठा चुकी हैं और समाज की मांग को आगे भी मजबूती से रखती रहेंगी।

आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक नेम सिंह फौजदार ने आरोप लगाया कि रैली में शामिल होने आ रहे लोगों के वाहनों को विभिन्न स्थानों पर रोका गया। उन्होंने प्रशासन से रैली में आने वाले युवाओं और वाहनों को नहीं रोकने की अपील करते हुए कहा कि यह आंदोलन समाज के युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा हुआ है।

रैली भरतपुर, धौलपुर और डीग जिले के जाट समाज को केंद्र में आरक्षण की मांग को लेकर आयोजित की गई थी। इससे पूर्व डीग क्षेत्र में रैली में शामिल होने जा रहे कुछ लोगों और पुलिस के बीच कहासुनी भी हुई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार डीजे बजाने को लेकर समझाइश के दौरान विवाद की स्थिति बनी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story