सांस्कृतिक विरासत बचाने और पलायन रोकने के लिए निकलेगी ‘जन आक्रोश रैली’

WhatsApp Channel Join Now
सांस्कृतिक विरासत बचाने और पलायन रोकने के लिए निकलेगी ‘जन आक्रोश रैली’


जयपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। जयपुर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को बचाने और परकोटा क्षेत्र से बहुसंख्यक वर्ग के पलायन को रोकने की मांग को लेकर युवा शक्ति मंच राजस्थान की ओर से रविवार को विशाल ‘जन आक्रोश रैली’ निकाली जाएगी। इस रैली में 2100 महिलाएं नेतृत्व करेंगी, जबकि हजारों युवाओं के साथ 10 हजार दुपहिया और 500 चौपहिया वाहनों के शामिल होने का दावा आयोजकों ने किया है।

युवा शक्ति मंच के प्रदेश संयोजक सुनील सिंह शेखावत ने बताया कि रैली रविवार सुबह 11 बजे खोले के हनुमानजी मंदिर से रवाना होगी और अल्बर्ट हॉल,रामनिवास बाग पहुंचकर इसका समापन किया जाएगा।

शेखावत ने बताया कि रैली का प्रमुख आकर्षण 2100 महिलाओं का नेतृत्व होगा। इसके माध्यम से महिला सशक्तीकरण का संदेश देने के साथ जयपुर की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। रैली में जयपुर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा शामिल होंगे।

संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष कमल सैनी, प्रदेश महामंत्री गौरी शंकर खोरवाल और प्रदेश कोषाध्यक्ष जितेंद्र जंगम के अनुसार जयपुर केवल एक शहर नहीं,बल्कि ऐतिहासिक इमारतों, धार्मिक स्थलों, कला और परंपराओं के कारण विश्वभर में विशेष पहचान रखने वाला शहर है। परकोटा क्षेत्र से लगातार हो रहे पलायन को लेकर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना रैली का प्रमुख उद्देश्य है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story