गोविंददेवजी मंदिर में 22 को मनेगी जलझूलनी एकादशी
जयपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। जयनिवास बाग स्थित ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देव जी महाराज में 22 सितंबर को जलझूलनी एकादशी (झूलन महोत्सव) श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जाएगी। भाद्रपद शुक्ल पक्ष एकादशी के अवसर पर ठाकुर श्रीजी को नटवर वेश धारण कराया जाएगा और विशेष श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर में दिनभर विभिन्न झांकियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को दर्शन होंगे।
मंदिर प्रशासन एवं महंत अंजन कुमार गोस्वामी के अनुसार ग्वाल झांकी के बाद शाम 4:45 से 5:35 बजे तक जलझूलनी एकादशी का विशेष पूजन होगा। इस दौरान दर्शन पट मंगल रहेंगे। महंत अंजन कुमार गोस्वामी ठाकुर श्री शालिग्रामजी (नारायण जी) को खाट पर विराजमान कर मंदिर के दक्षिण-पश्चिमी चौक स्थित तुलसी मंच पर ले जाएंगे। यहां शालिग्रामजी का पंचामृत अभिषेक, चंदन श्रृंगार और आरती की जाएगी।
पूजन के बाद तुलसी मंच की चार परिक्रमा और मंदिर की एक परिक्रमा कर ठाकुर श्री शालिग्राम जी को पुन: निज मंदिर में ठाकुर श्रीजी के समीप विराजमान कराया जाएगा। इसके बाद संध्या झांकी में आरती होगी और श्रद्धालुओं को दर्शन मिलेंगे।
सुबह 4 बजे से शुरू होंगे दर्शन
22 सितंबर को मंदिर में मंगला झांकी के दर्शन सुबह 4 से 5:15 बजे तक होंगे। धूप के दर्शन सुबह 7:30 से 9 बजे, श्रृंगार के 9:30 से 10:15 बजे और राजभोग के दर्शन 10:45 से 11:30 बजे तक होंगे। ग्वाल झांकी शाम 4 से 4:15 बजे तक होगी। इसके बाद शाम 4:45 से 5:35 बजे तक जलझूलनी पूजन के कारण दर्शन पट मंगल रहेंगे। संध्या झांकी के दर्शन शाम 5:45 से 7:15 बजे और शयन दर्शन रात 7:45 से 8:15 बजे तक होंगे। मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परिस्थितियों के अनुसार झांकी के समय में परिवर्तन संभव है।
भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं से अपील
जलझूलनी एकादशी पर संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने हृदय रोग, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, सांस की तकलीफ और अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों से मंदिर नहीं आने की अपील की है। श्रद्धालुओं को सुरक्षा की दृष्टि से कीमती सामान, बैग, थैले और लेडीज पर्स साथ नहीं लाने की सलाह दी गई है। महिलाओं से भी कीमती आभूषण पहनकर मंदिर नहीं आने को कहा गया है। श्रद्धालुओं से अपने साथ पानी की बोतल रखने की अपील की गई है।
मंदिर प्रशासन ने संदिग्ध व्यक्ति अथवा लावारिस वस्तु दिखाई देने पर तत्काल मंदिर प्रशासन या पुलिस को सूचना देने की भी अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

