जैसलमेर स्टेशन पर डीआरएम ने परखी यात्री सुविधाएं

WhatsApp Channel Join Now
जैसलमेर स्टेशन पर डीआरएम ने परखी यात्री सुविधाएं


Kजोधपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिल रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की हकीकत जानने के लिए जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। करीब 140 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकसित स्टेशन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई, परिचालन और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेशन पर विकसित की गई सुविधाओं का बेहतर रखरखाव और संरक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों को लंबे समय तक इनका लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन के विभिन्न यात्री क्षेत्रों का दौरा किया और व्यवस्थाओं की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों से यात्री सुविधाओं के संचालन और रखरखाव से संबंधित जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाएं केवल विकसित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका नियमित रखरखाव और यात्रियों के अनुकूल संचालन भी उतना ही जरूरी है।

जैसलमेर स्टेशन निरीक्षण के साथ डीआरएम ने ट्रेन संख्या 20491जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रेन के कोचों में पहुंचकर साफ-सफाई, हाउसकीपिंग व्यवस्था और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की बारीकी से जांच की। उन्होंने कोचों में स्वच्छता के स्तर के साथ ही यात्रियों की सुविधा से जुड़े इंतजामों को भी देखा। इस दौरान डीआरएम ने हाउसकीपिंग स्टाफ से सीधे संवाद किया। उन्होंने कर्मचारियों को सजगतापूर्वक और जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों के साथ शालीन, विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार रखने की हिदायत दी।

उन्होंने कहा कि रेलवे में स्वच्छता के साथ बेहतर यात्री सेवा भी महत्वपूर्ण है और दोनों को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाना चाहिए। डीआरएम के निरीक्षण के दौरान स्टेशन अधीक्षक पंकज कुमार झा व संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story