जयपुर की हवा सुधरेगी, ई-वाहनों और हरित विकास पर सरकार का जोर

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर की हवा सुधरेगी, ई-वाहनों और हरित विकास पर सरकार का जोर


जयपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा ने विधानसभा में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से जयपुर की वायु गुणवत्ता में सुधार लाया जा रहा है। ई-वाहनों को बढ़ावा देने और हरित विकास कार्यों से प्रदूषण पर नियंत्रण होगा।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक गुरवीर सिंह के सवालों का जवाब देते हुए मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी देश में ई-व्हीकल्स को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। पेट्रोल-डीजल वाहनों से धीरे-धीरे इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बढ़ने से प्रदूषण कम होगा।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत जयपुर में 21.7 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में पौधारोपण कर हरित पट्टी विकसित की गई है।

मंत्री ने पिछले पांच वर्षों के वायु गुणवत्ता सूचकांक का वर्षवार विवरण भी सदन में रखा। जयपुर में स्थापित 6 एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग सेंटर से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर पीएम 2.5, पीएम 10 और अन्य प्रदूषकों के स्तर की जानकारी दी गई।

वायु प्रदूषण के मुख्य कारणों की पहचान के लिए आईआईटी कानपुर द्वारा अध्ययन कराया गया। रिपोर्ट के अनुसार सड़क और भवन निर्माण की धूल, वाहन और उद्योगों का धुआं, कचरा जलाना तथा डीजल जनरेटर प्रदूषण के प्रमुख स्रोत हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनसीएपी) के तहत नगर कार्य योजना बनाई गई है। परिवहन, शहरी विकास, उद्योग, पुलिस विभाग, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल और नगर निकायों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

सरकार ने लक्ष्य रखा है कि वर्ष 2025-26 तक आधार वर्ष 2017-18 की तुलना में पीएम 10 के स्तर में 40 प्रतिशत तक कमी लाई जाए। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा 15वें वित्त आयोग के माध्यम से जयपुर नगर निगम को अब तक 344.70 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है।

इस राशि से सड़कों की धूल नियंत्रण, निर्माण कार्यों से होने वाले प्रदूषण पर रोक, कचरा जलाने पर नियंत्रण और जन-जागरूकता अभियान जैसे कार्य किए जा रहे हैं। सरकार ने बजटीय प्रावधानों को लेकर संबंधित विभागों और नगरीय निकायों के साथ समझौते (एमओयू) भी किए हैं।

सरकार का दावा है कि इन उपायों से आने वाले वर्षों में जयपुर की हवा और बेहतर होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story